
महाजन. अरजनसर कस्बे में सोमवार रात रेल पटरियों के पास मिले सेना के सात स्मॉग कैण्डल को पुलिस ने सुरक्षित स्थान पर रखवाकर जिला प्रशासन व सेना के उच्चाधिकारियों को सूचित किया है। गौरतलब है कि अरजनसर में रेल फाटक के पास पटरियों से कुछ दूर एक खेत की बाड़ में सोमवार रात सात स्मॉग कैण्डल बरामद हुए थे। महाजन सीआई विजेन्द्र कुमार सिल्ला, हैड कांस्टेबल भोलूराम बिश्नोई, बीट कांस्टेबल जयप्रकाश सहित मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद रेलवे पुलिस व रेल के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पटरियों से कुछ दूर खेत की बाड़ में जब देखा गया तो सात बमनुमा वस्तु मिली। पुलिस ने बताया कि ये बम नहीं होकर सेना के स्मॉग कैण्डल है। गत माह महाजन फायरिंग रेंज में हुए युद्धाभ्यास के दौरान बड़ी तादाद में सेना ने खेतों में डेरा लगा रखा था। सम्भवतया तब ये सात स्मॉग केण्डल यहां रह गए होंगे। सीआई ने बताया कि सातों स्मॉग केण्डल को सुरक्षित स्थान पर रखवाकर जिला प्रशासन व बीकानेर स्थित सेना के उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई है। बुधवार तक इनकों सेना के हवाले कर दिया जाएगा। पटरियों के पास सात बम की सूचना से एकबारगी रेलवे व पूरे प्रशासन में हड़कम्प मच गया था।
तिरपाल से ढकी लकडिय़ों से भरा ट्रोला पकड़ा
बज्जू. आरडी 931 चौराहे पर क्षेत्रीय वन विभाग की टीम ने एक ट्रोले का करीब 10 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा तथ इसमें भरी लकडि़यां बरामद कर जुर्माना वसूला। क्षेत्रीय वन अधिकारी मकानलाल व मक्खऩलाल शर्मा ने बताया कि मंगलवार अलसुबह सूचना पर सहायक वनपाल बाबूलाल सैनी, सुभाषचंद्र बिश्नोई और रूपसिंह के साथ आरडी 961 पर एक ट्रोले को तिरपाल के ओट में आते देखा तो रुकने का इशारा किया। वह रुका नहीं तो पीछा कर ट्रोले को आरडी 931 चौराहे पर पकड़ लिया। ट्रोले के तिरपाल को हटाया गया तो इसमें खेतों ये काटी गई करीब 20 क्विंटल शीशम की लकड़ी मिली। ट्रोला मालिक बलराम खिलेरी निवासी गिल्लकौर से 51 हजार का जुर्माना वसूला।