
बीकानेर. राजकीय महारानी बालिका विद्यालय में बुधवार को राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी हुई। प्रदर्शनी का माध्यमिक शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल ने सभी बाल वैज्ञानिकों के नवाचारों के बारे में संवाद कर निरीक्षण किया। डिडेल ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड योजना १० से १४ आयु वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में तैयार करने के लिए २००९-१० से भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से चलाई जा रही एक महत्वपूर्ण योजना है। जिसमें लाखों विद्यार्थी भारत के नवनिर्माण में अपने आइडियाज प्रस्तुत करते है।
प्रतियोगिता समन्वयक कमलकांत स्वामी ने बताया कि पूरे प्रदेश से छह विद्यार्थियों के मॉडलों का चयन किया गया है।जो १४ व १५ फरवरी को राष्ट्रीय स्तर आइआइटी दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इनमें जालौर के रणजीत कुमार, चूरू की रिंकू कुमारी, बारां के आदिश गोयल, कोटा के अजय महावर, सवाईमाधोपुर के दीपक नायक, धौलपुर के शहवान खान के प्रोजेक्ट का चयन किया गया। संयुक्त निदेशक महावीरसिंह पूनिया ने चयनित विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।