प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव ३१ अगस्त को होंगे। वहीं मतगणना व शपथग्रहण समारोह ११ सितंबर को प्रदेश में एक साथ होंगे। इसके लिए मंगलवार को उच्च शिक्षा के संयुक्त सचिव ने आदेश जारी किया।
बीकानेर. प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव ३१ अगस्त को होंगे। वहीं मतगणना व शपथग्रहण समारोह ११ सितंबर को प्रदेश में एक साथ होंगे। इसके लिए मंगलवार को उच्च शिक्षा के संयुक्त सचिव ने आदेश जारी किया। छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही कॉलेजों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अलग-अलग पदों के संभावित उम्मीदवार महाविद्यालयों के परिसर, कैंटीन व पुस्तकालयों में सहयोगियों के साथ छात्रों से शिष्टाचार भेंट करने में जुट गए हैं। कॉलेजों में २३ अगस्त को मतदाता सूची जारी होगी।
चुनाव की तिथि घोषित होते कॉलेजों में छात्रों की चहल-पहल बढ़ गई है। कई छात्र संगठन भी सक्रिय हो गए हैं और उम्मीदवारी के लिए शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। राजनीतिक दलों से जुड़े छात्रसंघों के पूर्व पदाधिकारी और कॉलेज राजनीति में हाथ अजमा चुके छात्रनेताओं ने कॉलेजों में संपर्क करना शुरू कर दिया है। कॉलेजों में अध्यक्ष पद के लिए कई उम्मीदवार सामने आने लगे हैं।
प्रवेश प्रक्रिया स्थगित
पूरा चुनाव कार्यक्रम सम्पन्न होने तक विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया स्थगित रहेगी। अब कोई भी नए प्रवेश अथवा प्रवेश में किसी भी प्रकार का परिवर्तन आगामी आदेश तक नहीं हो सकेगा।
डॉ. सतीश कौशिक, प्राचार्य, राजकीय डूंगर महाविद्यालय बीकानेर
प्रदेश में अब ३७५ डीईओ ब्लॉक स्तर पर बैठेंगे
बीकानेर. शिक्षा विभाग में पुनर्गठन के बाद पूरे प्रदेश में सभी ब्लॉकों पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के स्थान पर अब जिला शिक्षा अधिकारी बैठेगा। वह पदेन ग्राम पंचायत अधिकारी (पीईईओ) पर नियंत्रण रखेगा। इसके लिए मंगलवार को अजमेर में जिला शिक्षा अधिकारियों की डीपीसी हुई। डीपीसी में ३७५ डीईओ को ब्लॉक स्तर पर लगाया गया है।
इस संबंध में जब माध्यमिक शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक नूतनबाला से बातचीत की तो उन्होंने इस तरह की कोई डीपीसी होने से इनकार कर दिया, जबकि निदेशक ने बताया कि प्रिंसिपल से डीईओ बनाए गए हैं। निदेशक ने बताया कि पुनर्गठन में संयुक्त निदेशक की डीपीसी अभी तय नहीं है।
आदेश के बाद नियुक्ति
डीपीसी के माध्यम से ३७५ डीईओ बनाए गए हैं। सरकार से प्रमोशन आदेश के बाद इनको नियुक्ति दे दी जाएगी।
नथमल डिडेल, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा बीकानेर