बीकानेर

आखिर क्यों विद्यार्थियों ने प्राचार्य को कमरे में किया बंद, पढ़े पूरी खबर

मांगीलाल बागड़ी कॉलेज में चुनावी ड्यूटी में लगाए गए व्याख्याताओं को कार्य मुक्त करने से गुस्साएं विद्यार्थियों ने कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. एसएन राजपुरोहित को कमरे में बंद कर ताला लगा दिया।
less than 1 minute read
display
display

नोखा. मांगीलाल बागड़ी कॉलेज में सोमवार को चुनावी ड्यूटी में लगाए गए व्याख्याताओं को कार्य मुक्त करने से गुस्साएं विद्यार्थियों ने कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. एसएन राजपुरोहित को कमरे में बंद कर ताला लगा दिया। बाद में कमरे के आगे धरना देकर व्याख्याताओं की चुनावी ड्यूटी निरस्त कराने की मांग करने लगे। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों से समझाइश कर कमरे को खुलवाया।

इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष गौरीशंकर पंचारिया के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ज्ञापन प्राचार्य को सौंपा। इसमें बताया कि कॉलेज में व्याख्याताओं की पहले से ही कमी है। ऐसे में व्याख्याताओं की चुनाव में ड्यूटी लगाने से उनकी पढ़ाई बाधित हो जाएगी। इतना ही नहीं विज्ञान वर्ग में तो गणित का एक ही व्याख्याता है। उसकी भी चुनाव में ड्यूटी लगाने से विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम ही पूरा नहीं हो पाएगा। कॉलेज में व्याख्याता नहीं होने से शिक्षण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी। विद्यार्थियों ने चेताया कि उनकी मांग नहीं मानी गई, तो मंगलवार से कॉलेज में धरना देकर आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।

पढ़ाएगा कौन
आक्रोशित विद्यार्थियों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि हमारा चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। कॉलेज में व्याख्याता नहीं होंगे, तो उनको कौन पढ़ाएगा? इससे अच्छा तो यह है कि आप हमारी टीसी काट दो...हम घर चले जाएंगे। कॉलेज प्रदर्शन में सुभाषचंद्र , सुरेश, कैलाश, अभिषेक, मनीष, अशोक, लालचंद जोशी, रमेश पंचारिया, मांगीलाल तथा दर्जनभर छात्राएं भी शामिल थी।

आधे व्याख्याता की लगाई चुनावी ड्यूटी
बागड़ी कॉलेज में २४ में से १२ ही पदों पर व्याख्याता लगाए हुए हैं। इसमें भी ६ व्याख्याताओं की चुनाव में ड्यूटी लगाने से पढ़ाई बाधित होने की बात कही जा रही है। इस पर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया।

Updated on:
16 Oct 2018 09:04 am
Published on:
16 Oct 2018 09:04 am