
बीकानेर . शहर की छोटी व तंग गलियों में आग लगने की घटना होने पर शीघ्र घटनास्थल पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड के बेडे में अग्निशमन मोटरसाइकिल शामिल की जाएगी। नगर निगम की अग्निशमन समिति की बैठक में प्रथम चरण में एेसी दो अग्निशमन मोटरसाइकिल खरीद करने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
फायर अधिकारी की ओर से भी शहर की छोटी व तंग गलियों में आग बुझाने के लिए शीघ्र पहुंचने व आग पर तुरन्त काबू पाने के लिए अग्निशमन मोटरसाइकिलों को शामिल करने पर सहमति जताई है।
उपकरण रहेंगे फिट
फायर अधिकारी के अनुसार अग्निशमन मोटरसाइकिलों पर जरूरत के अनुसार आग बुझाने वाले उपकरण फिट किए जा सकते है। आग की स्थिति के अनुसार सूखा रासायनिक पाउडर, फोम सिस्टम और पानी तीनों ही प्रकार के साधन फिट कर उपयोग करते है।
कर रहे हैं विचार
अग्निशमन समिति की ओर से दो अग्निशमन मोटरसाइकिलों की आवश्यकता जताई है। इसका प्रस्ताव पारित कर दिया है। निगम अग्निशमन दल को आधुनिक सुविधाओं और उपकरणों से युक्त करने के लिए प्रयासरत है।
निकया गोहाएन, आयुक्त नगर निगम, बीकानेर
'राम मंदिर का निर्माण संत ही करेंगे'
बीकानेर. कामख्या गुहावटी जूना अखड़ा के पीठाधीश्वर महाराज पंचानंद गिरी ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण संत ही करेंगे, कोई राजनीतिक दल नहीं। श्री हिन्दू तख्त की राजस्थान इकाई की स्थापना के लिए बीकानेर आए पंचानंद गिरी शुक्रवार को पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के व्यापाक प्रचार-प्रसार के लिए स्थापित हिन्दू तख्त पीठ की इकाई का राजस्थान में श्रीगणेश धर्म नगरी बीकानेर से किया जा रहा है। इसके लिए 15 सदस्यों का चयन किया है। ये सदस्य प्रदेशभर में जाकर हिन्दू तख्त की इकाइयों का विस्तार करने के लिए कार्य करेंगे।
पंचानंद गिरी ने कहा कि गो माता व सनातन धर्म की रक्षा के उद्देश्य से पांच जुलाई, 1997 में पटियाला के काली मंदिर में हिन्दू तख्त की स्थापना की गई थी। इसके तहत अब अलग-अलग प्रांतों में इसकी इकाइयां खोली जाएंगी। इसके तहत धर्मवीर बनाए जाएंगे। हिन्दुओं के 16 संस्कार, संस्कृति, व्रत-उपवास, मेले, त्योहारों के महत्व से युवाओं को अवगत कराएंगे। मंदिरों में ग्रंथों की स्थापना की जाएगी।
एेसे लोग संन्यासी नहीं
वर्तमान में सामने आए बाबाओं के कारनामों के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह के लोग किसी भी तरह के संत या संन्यासी नहीं है। उन्होंने माना कि कहीं न कहीं एेसे लोगों के पनपने में राजनीतिक संरक्षण रहा है। महाराज ने
भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह पार्टी हिन्दुओं का शोषण करती आई है। आज सत्ता में है तो भी गोमाता की रक्षा को लेकर किसी तरह का विधेयक क्यों नहीं लाई। हाथी के दांत दिखाने के और, खाने के और होते हैं।