10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bikaner: कंवरसेन लिफ्ट नहर में डूबे दो चचेरे भाई, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

बीकानेर के महाजन क्षेत्र में कंवरसेन लिफ्ट नहर में डूबे दो युवकों में से एक दिनेश मेघवाल का शव बुधवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया। मंगलवार दोपहर हुए हादसे के बाद रातभर सर्च ऑपरेशन चला, जबकि दूसरे युवक जगदीश की तलाश जारी है।

2 min read
Google source verification
Bikaner News

खोज में जुटी टीम फोटो। पत्रिका

बीकानेर। महाजन के अरजनसर कस्बे से करीब तीन किमी पहले महाजन की ओर कंवरसेन लिफ्ट नहर में मंगलवार दोपहर बाद महाजन के दो युवा नहाने उतरे और डूब गए थे। बुधवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने नहर से एक युवक का शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान दिनेश मेघवाल पुत्र सुरजाराम मेघवाल के रूप में हुई है। वहीं दूसरे युवक जगदीश मेघवाल की तलाश जारी है। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों युवक डूब गए थे।

पानी का बहाव तेज होने से डूबे युवक

जानकारी के अनुसार महाजन निवासी मुखराम मेघवाल का करीब 23 वर्षीय पुत्र जगदीश व उसके भाई सुरजाराम मेघवाल का करीब 20 वर्षीय पुत्र दिनेश महाजन निवासी सुखदेव स्वामी की बोलेरो गाड़ी में अरजनसर से महाजन आ रहे थे। अरजनसर से निकलने के बाद युवकों ने नहर में नहाने का प्लान बनाया व नहर के किनारे पर पहुंच गए। जगदीश व दिनेश नहर में नहाने उतरे। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों युवक डूबने लगे।

डूबते देख तीसरे युवक सुखदेव स्वामी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। शोर सुनकर नहर के किनारे बनी ढाणियों से किसान भागकर मौके पर पहुंचे व रस्सा डालकर युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते दोनों युवक नहर में डूब गए। साथियों के डूबने से सुखदेव भी घबरा गया। घटना की सूचना मिलने पर महाजन थाने से हेड कांस्टेबल बाबूलाल जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे।

तलाशी अभियान चलाया

कस्बे के तैराकों की मदद से पुलिस ने नहर में तलाशी अभियान चलाया। शाम को उपखंड अधिकारी दयानंद रूयल, लूणकरनसर सीओ रणवीर सिंह सांई, तहसीलदार विनोद पूनियां, महाजन उपतहसीलदार सुंदरपाल गोदारा, महाजन सीआई भजनलाल लावा भी मौके पर पहुंचे। शाम को बीकानेर से एसडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने नहर में डूबे युवकों की तलाश शुरू की।

रात नौ बजे तक पुलिस, एसडीआरएफ, युवाओं व तैराकों की मदद से तलाशी अभियान चलता रहा, लेकिन नहर में पानी अधिक और बहाव तेज होने के कारण कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने नहर से दिनेश मेघवाल का शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान दिनेश मेघवाल के रूप में हुई।

उपतहसीलदार सुंदरपाल गोदारा मौके पर मौजूद रहे। एसडीआरएफ टीम तथा प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में नहर में दूसरे युवक जगदीश मेघवाल की तलाश जारी है। घटना स्थल पर युवकों के परिजनों सहित ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। दोनों युवक चचेरे भाई हैं।