25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bikaner: सरकारी अस्पताल में चोरी कर रहा युवक छत से कूदा, गार्ड ने पकड़ा तो मारने की दी धमकी, ICU में भर्ती

PBM Hospital News: बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में कॉपर पाइप चोरी करते पकड़े गए युवक ने भागने के लिए छत से छलांग लगा दी। सुरक्षा गार्डों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया जहां उसने चाकू मारने की धमकी दी। घायल होने के कारण आरोपी को आईसीयू में भर्ती कराया।
2 min read
Google source verification
Bikaner Crime

पकड़े गए आरोपी का इलाज करते डॉक्टर (फोटो: पत्रिका)

सरकारी अस्पताल पीबीएम में चोर अब मरीजों या तीमारदारों ही नहीं, बल्कि अस्पताल की सरकारी संपत्ति पर भी हाथ साफ करने लगे हैं। पोस्ट कोविड वार्ड की छत से कॉपर पाइप चोरी कर रहा एक युवक सुरक्षा गार्ड की नजर में आ गया। गार्ड के शोर मचाते ही आरोपी छत से कूदकर भाग निकला, लेकिन कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने पीछा कर ट्रॉमा सेंटर के पास उसे दबोच लिया। घटना ने एक बार फिर पीबीएम अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गार्ड ने देखा तो छत से कूदकर भागा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोस्ट कोविड वार्ड की छत पर तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो कॉपर पाइप निकाल रहा था। गार्ड के शोर मचाते ही युवक छत से नीचे कूदकर भाग निकला। इसके बाद सुरक्षा गार्डों और अस्पताल कर्मचारियों ने उसका पीछा शुरू किया। युवक भागते हुए ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचा, जहां स्टाफ ने उसे घेरकर पकड़ लिया।

नाम-पता बताने से बचता रहा, चाकू मारने की धमकी दी

पकड़े जाने के बाद युवक ने अपना नाम-पता बताने से इनकार कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि उसने चाकू मारने की धमकी भी दी, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। युवक को जैसे तैसे काबू में किया। आरोपी को फिलहाल चोटग्रस्त होने के कारण आईसीयू में भर्ती किया गया है। आरोपी युवक नशे का आदी है। घटना के समय भी वह नशे में धुत्त था।

एक सप्ताह से सक्रिय होने की आशंका

अस्पताल कर्मचारियों का दावा है कि पकड़ा गया युवक पिछले करीब एक सप्ताह से अस्पताल परिसर के अलग-अलग हिस्सों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि अस्पताल से कॉपर, लोहे और अन्य कीमती सामान की चोरी के पीछे किसी गिरोह का हाथ हो सकता है।

पूछताछ से खुल सकते हैं कई राज

कर्मचारियों का कहना है कि पुलिस पूछताछ के दौरान अस्पताल में लंबे समय से हो रही चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है। उनका मानना है कि सख्त कार्रवाई नहीं होने पर अस्पताल में सक्रिय चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

आईसीयू में भर्ती, बयान देने की स्थिति में नहीं

बीकानेर जिले के पीबीएम अस्पताल में लगे सोलर प्लांट व एसी की कॉपर वायर चुराते एक युवक को पकड़ा गया जो बचने के लिए भागा और छत से कूद गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। आरोपी युवक नशेड़ी है। इस संबंध में उसके बयान नहीं हो पाए गए हैं। इसके खिलाफ पूर्व में परिवाद दिया गया है। पुलिस इसके स्वस्थ होने पर आगामी कार्रवाई करेगी।
साहबराम डूडी, एएसआई पीबीएम चौकी