
Bikaner Murder: पिता की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी राजाराम। (फोटो-पत्रिका)
बीकानेर। जिले के नोखा उपखंड के पांचू थाना क्षेत्र स्थित जांगलू गांव में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। खेत और जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद के बीच बेटे ने अपने ही पिता की गंडासे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 55 वर्षीय गंगाबिशन बिश्नोई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गंगाबिशन और उनके बड़े बेटे राजाराम बिश्नोई के बीच खेत के बंटवारे और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के समय गंगाविशन की पत्नी पीहर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि खेत में पिता-पुत्र के बीच फिर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राजाराम ने गंडासे से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से गंगाबिशन की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पांचू थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। थाना मुख्यालय से घटनास्थल करीब 25 किलोमीटर दूर होने के कारण रास्ते में ही पुलिस ने कम्युनिटी पुलिसिंग से जुड़े ग्रामीणों से संपर्क किया और आरोपी पर नजर रखने को कहा। ग्रामीणों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को गांव से भागने से पहले ही घेर लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे अपने कब्जे में रखा।
थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी राजाराम को हिरासत में लिया और बाद में हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए पांचू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भेजा गया, जहां चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में दो बेटे और चार बेटियां हैं। छोटा बेटा बेंगलुरु में रहता है, जबकि आरोपी राजाराम गांव में ही रहकर खेती करता था। जमीन के स्वामित्व और बंटवारे को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद जांगलू गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
Updated on:
22 Jul 2026 08:44 pm
Published on:
22 Jul 2026 08:38 pm
