
मृतक लक्ष्मण सोनी। पत्रिका फाइल फोटो
बीकानेर/नोखा। रिश्तेदारी का विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायती उस समय मातम में बदल गई, जब समझौते की कोशिश करने पहुंचे 71 वर्षीय बुजुर्ग की कथित मारपीट के बाद मौत हो गई। घटना श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ की है, जहां नोखा निवासी परिवार अपनी बेटी के वैवाहिक विवाद को सुलझाने उसके ससुराल पहुंचा था। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए लक्ष्मण सोनी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूरतगढ़ पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना इलाके में पंचायती के दौरान तीन जनों की हत्या कर दी गई थी। परिवादी सत्यनारायण सोनी ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी पुत्री रेखा की शादी सूरतगढ़ निवासी राधाकिशन पुत्र गौरीशंकर सोनी से हुई थी। करीब दो माह पहले ससुराल पक्ष ने रेखा के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। इसी विवाद के समाधान और समझौते के लिए सोमवार को परिवार के छह सदस्य श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ पहुंचे थे।
परिवादी ने बताया कि पहले गौरीशंकर सोनी की दुकान पर बातचीत हुई, जिसके बाद सभी लोग उसके घर पहुंचे। वहां परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। प्रारंभिक बातचीत शांतिपूर्ण रही, लेकिन अचानक किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद राधाकिशन और उसके माता-पिता आक्रोशित हो गए तथा धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
परिवादी का आरोप है कि राधाकिशन ने 71 वर्षीय लक्ष्मण सोनी को जोर से धक्का दिया, जिससे वह गिर पड़े। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। बेहोशी की हालत में उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूरतगढ़ थाना पुलिस ने सत्यनारायण सोनी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर बीकानेर सर्राफा समिति के सचिव और मृतक के भांजे कैलाश सोनी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश से उक्त मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि राजस्थान में इस महीने में ही दूसरी बार ऐसा मामला सामने आया है। इससे पहले 16 जुलाई को बीकानेर जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। छतरगढ़ थाना क्षेत्र के सुरजनवाली गांव में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से लड़की के रिश्ते को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। विवाद को शांत करने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान ही बात इतनी बिगड़ गई कि चाकुओं से हमला कर तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी।
Updated on:
22 Jul 2026 09:56 am
Published on:
22 Jul 2026 09:56 am
