
बीकानेर. भारतीय युवा कांग्रेस का संभाग स्तरीय सम्मेलन गुरुवार को श्रीडूंगरगढ़ में होगा । सम्मेलन में किसानों की पूरी फ सल की खरीद व बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के मुद्दों सहित अन्य मसलों पर चर्चा की जाएगी । सम्मेलन की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। सम्मेलन सुबह 11 बजे शुरू होगा ।
भारतीय युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिशनाराम ने बताया कि युवा कांग्रेस की ओर से देशभर में भारत बचाओ जन आन्दोलन चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में श्रीडूंगरगढ़ में यह सम्मेलन किया जा रहा है । युकां कार्यकर्ताओं को आने वाले विधानसभा व लोकसभा चुनावों में सक्रिय रहने और पार्टी की नीतियों को आमजन में पहुंचाने की बारीकियों के बारे में बताया जाएगा । साथ ही कार्यकर्ताओं को केन्द्र व राज्य सरकार की विफ लताओं को आमजन तक पहुंचाने, संगठन को मजबूत बनाने जैसे कई मुद्दों की जानकारी दी जाएगी।
नहीं आएंगे सचिन पायलट
युवा सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट नहीं आएंगे। वे गुरुवार को उदयपुर दौरे पर रहेंगे । पायलट से पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी राष्ट्रीय शोक के चलते किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं । उधर बिशनाराम सियाग ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है । सम्मेलन में हजारों युवाओं और कांग्रेस समर्थक पहुंचेंगे । उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस राजस्थान प्रभारी देवेन्द्र कादयान, राष्ट्रीय सचिव व बीकानेर प्रभारी विनीत कम्बोज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस श्रीनिवास आदि शामिल होंगे।
कर रहे जनसम्पर्क
युवा कांग्रेस श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरिराम बाना ने बताया कि सम्मेलन के लिए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन और पार्टी से जुड़े लोगों से सम्पर्क कर रहे हैं । वहीं विधानसभा क्षेत्र के अनुसार नियुक्त समन्वयक भी अपने क्षेत्रों में लोगों से सम्पर्क कर रहे हैं। पार्टी और संगठन के कार्यकर्ता गुरुवार सुबह श्रीडूंगरगढ़ पहुंचेंगे।