बिलासपुर

मेटल डिटेक्टर काम का नहीं, बैग स्केनर 15 दिन से खराब हालत में

महीनेभर पहले कोलकता से आए कंपनी के इंजीनियरों ने बैग स्केनर मशीन की मरम्मत की थी।
2 min read
railway station
मेटल डिटेक्टर काम का नहीं, बैग स्केनर 15 दिन से खराब हालत में

बिलासपुर. सुरक्षा और संरक्षा का माखौल उड़ाते हुए किस तरह खानापूर्ति की जाती है यह देखना है, रेलवे में देखें। गेट नम्बर 3 में दो रास्ते हैं, एक में मशीन लगाई गई है तो दूसरे को छोड़ दिया गया है। इस गेट में लगा बैग स्केनर भी पिछले 15 दिनों से खराब पड़ा है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन में सुरक्षा के लिहाज से गेट नंबर तीन में दो मेटल डिटेक्टर मशीन लगाई गई है। वहीं बैग स्केनर मशीन भी लगाई गई है। लेकिन दोनों मशीनें किसी काम की नही। इसका सबसे बड़ा कारण ये कि रेलवे स्टेशन में 11 अन्य गेट ऐसे भी हैं, जिससे कभी भी कहीं से भी कोई भी प्रवेश कर सकता है। लेकिन रेलवे का मानना है कि गेट नम्बर तीन में अनारक्षित काउंटर होने की वजह से सबसे ज्यादा भीड़भाड़ होती है। कोई भी यात्री टिकट लेने के बाद सीधे इसी रास्ते से प्रवेश करेगा। इसी सोच के चलते रेलवे ने इस गेट पर बैग स्केनर और मेटल डिटेक्टर मशीन लगाई है। लेकिन हाल ये कि बैग स्केनर मशीन कभी कभार ही चलती है। वह भी तब, जब रेलवे के आलाधिकारी निरीक्षण करने या फिर कहीं सफर के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं। बाकी समय बैग स्केनर मशीन केवल सफेद हाथी की तरह स्टेशन की शोभा बढ़ाने के काम ही आती है। नई मेटल डिटेक्टर मशीन का भी यही हाल है। गेट नंबर तीन के एक छोर में यह मशीन है। जबकि दूसरा छोर खाली पड़ा है। यहां से आसानी से बिना जांच के स्टेशन में प्रवेश किया जा सकता है।
महीनेभर पहले हुई थी मरम्मत : महीनेभर पहले कोलकता से आए कंपनी के इंजीनियरों ने बैग स्केनर मशीन की मरम्मत की थी। इसके बाद यह मशीन फिर बिगड़ गई।
उच्चाधिकारियों को दी गई है जानकारी : मेटल डिटेक्टर मशीन पहले जहां लगी थी, वहीं नई मशीन लगाई गई है। बैग स्केनर मशीन के खराब होने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जल्द ही मशीन फिर से काम करने लगेगी।
दिलीप बस्तिया, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी, बिलासपुर

Published on:
20 Jun 2018 01:14 pm