Bar council Result:छत्तीसगढ़ से वकील के रूप में पंजीकरण के लिए कुल 2663 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 1100 अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि 1563 परीक्षार्थी परीक्षा फेल हो गए...
Bar Council Results: भारतीय विधिज्ञ परिषद (बार काउंसिल ऑफ इंडिया) द्वारा आयोजित ऑल इंडिया बार एग्ज़ामिनेशन 30 नवंबर को बिलासपुर सहित देश के 56 शहरों में 399 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुआ। इस परीक्षा में देशभर से 2,51,968 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
छत्तीसगढ़ से वकील के रूप में पंजीकरण के लिए कुल 2663 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 1100 अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि 1563 परीक्षार्थी परीक्षा फेल हो गए। बार काउंसिल एग्ज़ाम पास करना अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस शुरू करने से पहले अनिवार्य होता है।
परीक्षा के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रोविजनल आंसर-की जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी थीं। विषय निरीक्षण समिति द्वारा सभी आपत्तियों की जांच के बाद कमेटी ने 100 में से 5 प्रश्नों को गलत पाए जाने पर हटाने का निर्णय लिया। इसके अलावा दो प्रश्नों में दो-दो सही उत्तर पाए गए, ऐसे में किसी भी एक उत्तर का चयन करने वाले अभ्यर्थियों को पूर्ण अंक देने का फैसला किया गया।
छात्रों ने बताया कि इस बार प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत कठिन था, जिसका असर परिणामों में भी देखने को मिला। देशभर में लगभग 30 प्रतिशत अभ्यर्थी फेल हुए, वहीं छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी सफलता हासिल नहीं कर सके। परीक्षा में सफल 1100 अभ्यर्थियों को अब छत्तीसगढ़ राज्य बार काउंसिल की ओर से प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा, जिसके बाद वे विधिवत रूप से अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर सकेंगे।
अब बार काउंसिल द्वारा 2026 में 7 जून को फिर से एग्ज़ाम लिया जाएगा। बीए, बीकॉम एलएलबी व एलएलबी उत्तीर्ण करने वाले छात्र इस एग्ज़ाम को दे सकते हैं। इसके लिए 11 फरवरी से ऑनलाइन फ़ॉर्म भरना शुरू होगा, जो 30 अप्रैल तक चलेगा। 22 मई को एडमिट कार्ड जारी होगा और 7 जून को इसके लिए एग्ज़ाम लिया जाएगा। एग्ज़ाम ओपन बुक होगा। इसमें अभ्यर्थी बेयर एक्ट लेकर परीक्षा में बैठ सकते हैं।