direct flight Chhattisgarh to Delhi: बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट, बिलासपुर से दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा 3 मई से शुरू होने जा रही है।
Bilaspur to Delhi flight: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग के लिए एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात जल्द ही हकीकत बनने जा रही है। बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से देश की राजधानी दिल्ली तक सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। राज्य सरकार और अलायंस एयर द्वारा इस ऐतिहासिक पहल की घोषणा कर दी गई है।
3 मई, रविवार से यह नई हवाई सेवा शुरू होगी। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस सुविधा की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है। यह उड़ान न केवल यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी, बल्कि पूरे संभाग के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी।
नई सेवा के तहत फ्लाइट शाम 6:20 बजे दिल्ली से बिलासपुर पहुंचेगी और महज 25 मिनट के अंतराल के बाद 6:45 बजे वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। लगभग ढाई घंटे के सफर के बाद यात्री रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंच सकेंगे। शुरुआती दौर में यह सेवा सप्ताह में एक दिन (रविवार) संचालित होगी, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे सप्ताह में दो दिन तक विस्तारित किया जा सकता है।
यह उड़ान खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जो व्यावसायिक, शासकीय या निजी कार्यों के लिए यात्रा करते हैं। दिनभर का काम निपटाने के बाद शाम को सीधे राजधानी के लिए उड़ान भरना अब संभव होगा। इससे समय की बचत के साथ-साथ यात्रा भी अधिक आरामदायक हो जाएगी।
शाम के समय उड़ान संचालन का एक बड़ा तकनीकी लाभ भी है। दोपहर की भीषण गर्मी में विमानों को ‘लोड पेनल्टी’ का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी यात्री क्षमता कम हो जाती है। लेकिन शाम के अपेक्षाकृत ठंडे मौसम में यह समस्या नहीं रहती, जिससे विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा और अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध होगी।
इस सीधी हवाई सेवा के शुरू होने से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और निवेश के अवसर बढ़ेंगे। स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने में आसानी होगी और नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
बिलासपुर से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान की मांग वर्षों से उठती रही है। यह सुविधा न मिलने के कारण लोगों को रायपुर या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। अब इस नई सेवा के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।