
Akshay Kumar Recall Miracle in Vaishno Devi Temple:बॉलीवुडके 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का प्रमोशन जोरों पर है, लेकिन इसी बीच अक्षय ने अपने निजी जीवन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा फैंस के साथ शेयर किया है, जिसने लोगों को भावुक कर दिया है। उन्होंने उस चमत्कार पर बात की जो उनके साथ हुआ। उन्होंने बताया कि कैसे वह बचपन में मौत के मुंह से लौटकर आए थे। कैसे मां वैष्णो देवी ने उनकी जान बचाई थी। उन्होंने जो कहानी सुनाई वह एक फिल्मी कहानी जैसी लगती है, लेकिन अक्षय इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा 'ईश्वरीय चमत्कार' बताया...
हाल ही में अक्षय कुमार ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' से बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनका जन्म ही माता के आशीर्वाद से हुआ था। उनके माता-पिता ने वैष्णो देवी जाकर मन्नत मांगी थी कि उन्हें एक बेटा हो, चाहे वह कितना भी शरारती क्यों न हो। मन्नत पूरी हुई और अक्षय का जन्म हुआ। जब अक्षय थोड़े बड़े हुए, तो माता-पिता उन्हें धन्यवाद देने के लिए दोबारा कटरा ले गए। लेकिन वहीं से मुसीबतों का सिलसिला शुरू हो गया।
अक्षय ने याद करते हुए बताया, "यात्रा के दौरान अचानक मेरी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई। मुझे 103-104 डिग्री का तेज बुखार चढ़ गया और मैं बेहोश हो गया। हालत इतनी नाजुक थी कि कटरा के डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए और पिता से कहा कि बच्चे को तुरंत दिल्ली ले जाइए, वरना कुछ भी हो सकता है।"
ऐसी डरावनी स्थिति में भी अक्षय की मां का विश्वास नहीं डगमगाया। उन्होंने हार मानने के बजाय जिद की कि वह माता के दरबार तक जरूर जाएंगी। अक्षय को लाल कपड़े में लपेटकर मंदिर ले जाया गया। वहां उनके माता-पिता रोते हुए अपने बच्चे के जीवन की भीख मांग रहे थे। तभी वहां एक अजनबी आया और उसने अक्षय के पिता के कंधे पर हाथ रखकर कहा, "आपका बेटा कितनी प्यारी मुस्कान दे रहा है।"
हैरान होकर जब पिता ने अक्षय की तरफ देखा, तो जो बच्चा कुछ देर पहले तक बेहोश और तप रहा था, वह अचानक मुस्कुरा रहा था। अक्षय बताते हैं कि देखते ही देखते उनका बुखार पूरी तरह उतर गया और वह बिल्कुल ठीक हो गए। अक्षय कहते हैं कि वह दिन है और आज का दिन, उनका ईश्वर और शक्ति पर अटूट विश्वास है।
प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार अपनी फिल्म 'भूत बंगला' के जरिए 14 साल बाद निर्देशक प्रियदर्शन के साथ वापसी कर रहे हैं। इन दोनों ने पहले 'भूल भुलैया' और 'गरम मसाला' जैसी कल्ट फिल्में दी हैं। इस बार भी फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव और तब्बू जैसे दिग्गज कलाकार कॉमेडी और हॉरर का तड़का लगाते दिखेंगे। यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है। अक्षय को उम्मीद है कि जिस तरह उनके जीवन में चमत्कार हुआ, उसी तरह यह फिल्म भी उनके करियर के लिए एक नया मोड़ साबित होगी।