
Avinash Tiwary and Medha Shankr Dating: बॉलीवुड गलियारों में इन दिनों एक नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी को लेकर ऑफ-स्क्रीन चर्चाएं भी खूब गर्म हैं। फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी 2' की रिलीज से ठीक पहले इसके लीड सितारे अविनाश तिवारी और मेधा शंकर को एक साथ स्पॉट किया गया, जिसके बाद से सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है। सवाल उठ रहा है- क्या ये महज फिल्म प्रमोशन का हिस्सा है या फिर वाकई दोनों के बीच कुछ खास पक रहा है? क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
हाल ही में मुंबई में आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान दोनों कलाकार साथ नजर आए। कैमरों के सामने उन्होंने सहज अंदाज में पोज दिए, लेकिन असली चर्चा तब शुरू हुई जब वो कार्यक्रम से बाहर निकले। अविनाश को मेधा का हाथ थामे कार तक ले जाते और उनके लिए कार का दरवाजा खोलते देखा गया। इस छोटे-से जेस्चर ने फैंस को इशारों-इशारों में बड़ी कहानी दे दी। हालांकि अब तक दोनों में से किसी ने भी इन अटकलों पर खुलकर कुछ नहीं कहा है।
फिल्म का निर्माण विनोद बच्चन ने किया है, जबकि निर्देशन की कमान प्रशांत झा के हाथों में है। ये सीक्वल पहले पार्ट की कहानी को सीधे आगे नहीं बढ़ाता, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत करता है। हाल ही में जारी पोस्टर में मेधा साड़ी में नजर आईं, जबकि अविनाश एक मजेदार अंदाज में वर्कआउट करते दिखाई दिए। पोस्टर ने साफ कर दिया कि फिल्म में रोमांस के साथ हल्की-फुल्की शरारत और मनोरंजन भरपूर रहेगा।
साल 2020 में ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई पहली फिल्म में विक्रांत मैसी और यामी गौतम की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। उस फिल्म की सफलता के बाद अब मेकर्स एक नई स्टारकास्ट के साथ ताजगी लाने की कोशिश में हैं। ऐसे में अविनाश और मेधा की केमिस्ट्री फिल्म की सफलता के लिए अहम मानी जा रही है।
मेधा शंकर को हाल ही में फिल्म '12वीं फेल' में उनके दमदार अभिनय के लिए सराहा गया था। वहीं अविनाश तिवारी को पिछली बार 'ओ रोमियो' में देखा गया, जिसमें उनके साथ शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी भी नजर आए थे। दोनों कलाकार अपने-अपने करियर में मजबूत पहचान बना चुके हैं, और अब पहली बार साथ आकर दर्शकों के सामने नई रोमांटिक कहानी पेश करने जा रहे हैं।