Asha Bhosle Health Update: आशा भोसले इस समय हॉस्पिटल में एडमिट हैं। ऐसे में उनकी सेहत पर बड़ा अपडेट आया है। वहीं, बॉलीवुड सितारें भी सिंगर की बिगड़ी सेहत पर पोस्ट कर रहे हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
Asha Bhosle Health Update:बॉलीवुडकी फेमस सिंगर आशा भोसले को लेकर उस समय तहलका मच गया जब खबर आई कि उन्हें हार्ट अटैक आया है और उन्हें आनन-फानन में मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद हर कोई अपनी फेवरेट गायिका के लिए दुआ करने लगा, लेकिन थोड़ी देर बाद ही उनकी पोती जनाई भोसले ने दादी की हेल्थ पर अपडेट दिया और बताया कि उन्हें दिल का दौरा नहीं बल्कि बहुत ज़्यादा थकान और सीने में इंफेक्शन की वजह से भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उन्हें ICU में रखा। ऐसे में बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारें उनकी सेहत के लिए दुआ करने लगे। अनुपम खेर और नील नितिन मुकेश ने भी पोस्ट शेयर किया। वहीं, उनकी हेल्थ पर बड़ा अपडेट आ गया है। जिसे सुनकर उनके फैंस ने राहत की सांस ली है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, दिग्गज गायिका की हालत में पहले से काफी सुधार है और वह तेजी से रिकवर कर रही हैं। यह जानकारी आशा भोसले के एक करीबी सूत्र ने मीडिया से बातचीत में दी है। सूत्र ने कहा, "आशा जी की हालत अब काफी बेहतर है और वह ठीक हो रही हैं। चिंता की कोई बड़ी बात नहीं है।" हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने अभी तक उनकी सेहत को लेकर कोई औपचारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया है, लेकिन परिवार और करीबियों की बातों से फैंस ने राहत की सांस ली है।
इससे पहले, शनिवार रात को आशा जी की पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर स्थिति साफ की थी। उन्होंने उन खबरों का खंडन किया जिनमें कार्डियक अरेस्ट की बात कही जा रही थी। जनाई ने लिखा, "मेरी दादी को बहुत ज्यादा थकान और सीने में इन्फेक्शन (चेस्ट इन्फेक्शन) की वजह से अस्पताल लाया गया है। हम आप सभी से इस मुश्किल समय में हमारी निजता का सम्मान करने की गुजारिश करते हैं। उनका इलाज चल रहा है और हमें पूरी उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ हो जाएंगी।"
जैसे ही जनाई की पोस्ट सामने आई, बॉलीवुड सितारों ने कमेंट्स की झड़ी लगा दी। नील नितिन मुकेश ने लिखा, "हमारी प्यारी आशा ताई के लिए बहुत सारी दुआएं।" वहीं अभिनेता अनुपम खेर, संजय कपूर और तनीषा मुखर्जी ने भी उनके जल्द घर लौटने की कामना की। फैंस भी लगातार सोशल मीडिया पर उनके मशहूर गानों को याद कर उनके लंबे जीवन की प्रार्थना कर रहे हैं।
92 साल की आशा भोसले ने भारतीय संगीत को जो दिया है, उसकी तुलना किसी और से नहीं की जा सकती। सात दशकों से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने "चुरा लिया है तुमने जो दिल को" से लेकर "पिया तू अब तो आजा" जैसे हजारों सदाबहार गाने दिए हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी जिंदादिली और संगीत के लिए उनका समर्पण करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है। भले ही वह अब पहले की तरह नियमित रूप से प्लेबैक सिंगिंग नहीं कर रही हैं, लेकिन उनका व्यक्तित्व आज भी संगीत जगत के लिए एक स्तंभ की तरह है।