
आशा भोसले की सेहत पर नरेंद्र मोदी ने किया पोस्ट
PM Narendra Modi On Asha Bhosle Health: भारतीय संगीत जगत की 'शान' और करोड़ों दिलों की धड़कन आशा भोसले को लेकर पिछले 24 घंटों से हर कोई फिक्रमंद है। शनिवार शाम जब उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो चारों तरफ खलबली मच गई। शुरुआत में खबरें आईं कि 92 साल की आशा ताई को दिल का दौरा पड़ा है, जिससे उनके चाहने वाले गहरे सदमे में आ गए थे। थोड़ी देर बाद में उनकी पोती जनाई भोसले ने स्थिति साफ की और बताया कि मामला दिल के दौरे का नहीं, बल्कि सीने में इंफेक्शन और कमजोरी का है। अब ऐसे में खुद पीएम मोदी ने भी उनकी बिगड़ी हालत पर पोस्ट किया है।
आशा भोसले की बीमारी की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी चिंता जाहिर की है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा, "आशा भोसले जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर बहुत चिंता हुई। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" प्रधानमंत्री के इस संदेश ने उन लाखों फैंस की भावनाओं को शांति दे दी है, जो कल रात से ही अपनी चहेती गायिका के लिए दुआएं मांग रहे हैं।
जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने लिखा, "दादी को अत्यधिक कमजोरी और सीने में संक्रमण की वजह से अस्पताल ले जाना पड़ा। उनका इलाज चल रहा है और हमें पूरी उम्मीद है कि वे जल्द ही स्वस्थ होकर घर लौटेंगी। हम समय-समय पर आप सभी को उनकी सेहत की जानकारी देते रहेंगे।"
आशा भोसले का नाम संगीत की उस किताब जैसा है, जिसके बिना बॉलीवुड अधूरा है। आठ दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने करीब 12,000 से ज्यादा गाने गाए हैं। चाहे वह मधुबाला और मीना कुमारी का दौर रहा हो या फिर काजोल और उर्मिला मातोंडकर का, आशा जी की आवाज हर पीढ़ी की अभिनेत्रियों पर खूब फबी। 'चुरा लिया है तुमने जो दिल को', 'अभी ना जाओ छोड़कर' और 'दम मारो दम' जैसे उनके सदाबहार गानों के बिना आज भी कोई महफिल पूरी नहीं होती।
आशा जी की सबसे बड़ी खासियत उनकी ऊर्जा है। पिछले साल ही उन्होंने अपने 90वें जन्मदिन पर दुबई में एक भव्य कॉन्सर्ट किया था, जिसे देखकर कोई नहीं कह सकता था कि उम्र का असर उनकी आवाज या जोश पर पड़ा है। दिग्गज गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा जी आज भी संगीत प्रेमियों के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत हैं।
फिलहाल अस्पताल सूत्रों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है और उन पर दवाओं का अच्छा असर हो रहा है। पूरा देश बस इसी इंतजार में है कि कब आशा ताई की वह जानी-पहचानी मुस्कान और सुरीली आवाज दोबारा हमारे बीच गूंजेगी।
Published on:
12 Apr 2026 10:55 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
