Divya Dutta On Amitabh-Rekha Lovestory: अमिताभ बच्चन और रेखा की अधूरी मोहब्बत को लेकर हाल ही में अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने पॉडकास्ट में बात की है। उनसे जब प्यार को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने क्या कुछ कहा, चलिए जानते हैं।
Divya Dutta On Amitabh-Rekha Lovestory: बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा दिव्या दत्ता ने हाल ही में एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान रिश्तों, भावनाओं और रेखा जैसे गहरे प्यार को लेकर विचार साझा किए। बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी वैसी गहरी भावनात्मक तीव्रता महसूस की है, जैसी अक्सर दिग्गज अभिनेत्री रेखा के बारे में कही जाती है। इस सवाल के जवाब में दिव्या ने रिश्तों में लगाव और उससे आगे बढ़ने की कला पर दिलचस्प नजरिया रखा।
दरअसल, चर्चा की शुरुआत उस मामले से हुई जब शुभांकर मिश्रा ने रेखा के मेगास्टार अमिताभ बच्चन के लिए सालों से दिखाई देने वाले सम्मान और स्नेह का जिक्र किया। उन्होंने हाल के एक कार्यक्रम का उदाहरण भी दिया, जिसमें रेखा अभिनेता के पोते अगस्त्य नंदा की डेब्यू फिल्म 'इक्कीस' की स्क्रीनिंग के दौरान बेहद आत्मीयता से नजर आई थीं। इसी संदर्भ में दिव्या दत्ता से पूछा गया कि क्या उन्होंने भी कभी ऐसा गहरा लेकिन अधूरा रह जाने वाला प्रेम महसूस किया है।
इस सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए दिव्या दत्ता ने बेहद संतुलित अंदाज में कहा कि जीवन में कई बार भावनाएं गहरी जरूर होती हैं, लेकिन अगर किसी रिश्ते का भविष्य तय नहीं है तो उसे सम्मानपूर्वक छोड़ देना ही बेहतर होता है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के भावनात्मक पक्ष का जिक्र करते हुए कहा कि अलग होना आसान नहीं होता, लेकिन कभी-कभी आगे बढ़ना ही सही निर्णय होता है।
दिव्या ने अपनी बात को और प्रभावशाली बनाने के लिए मशहूर शायर साहिर लुधियानवी की एक फेमस पंक्ति का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि जो कहानी मंजिल तक नहीं पहुंच सकती, उसे एक खूबसूरत मोड़ देकर छोड़ देना ही समझदारी है। उनके इस विचार ने रिश्तों को लेकर परिपक्व सोच की झलक दी, जिसे सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना मिल रही है।
बातचीत के दौरान दिव्या दत्ता ने ये भी हिंट दिया कि महिलाओं के लिए भावनात्मक दूरी बनाना अक्सर चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि वे रिश्तों को गहराई से जीती हैं। ऐसे में जब कोई रिश्ता टूटता है या आगे नहीं बढ़ पाता, तो उससे निकलना एक लंबी प्रक्रिया होती है। लेकिन समय रहते सही फैसला लेना ही आत्मसम्मान और मानसिक शांति के लिए जरूरी होता है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिव्या दत्ता इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज 'चिरैया' को लेकर चर्चा में हैं, जो जी 5 पर स्ट्रीम हो रही है। इस सीरीज में वह एक ऐसी गृहिणी की भूमिका निभा रही हैं, जो पारंपरिक सोच से बाहर निकलकर अपने जीवन और अधिकारों को नए नजरिए से समझती है। ये किरदार न सिर्फ सामाजिक मुद्दों को उठाता है, बल्कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता और जागरूकता की दिशा में भी महत्वपूर्ण संदेश देता है।