
Emraan Hashmi Kiss story: अपनी नई फिल्म 'आवारपन 2' के लिए इन दिनों चर्चित बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया था। एक्टर ने बताया था कि एक समय ऐसा था जब फिल्मों में हर Kissing सीन के बदले उन्हें अपनी पत्नी परवीन शाहनी को एक हैंडबैग गिफ्ट करना पड़ता था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शुक्र है ये नियम अब खत्म हो चुका है, क्योंकि आज के समय में लग्जरी हैंडबैग खरीदना उनके बैंक बैलेंस पर भारी पड़ता।
एक इंटरव्यू में इमरान हाशमी से पूछा गया कि क्या वो अब भी इस पुराने नियम का पालन करते हैं। इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि अब ये बहुत पुरानी बात हो चुकी है, उन्होंने कहा, "शुक्र है कि अब वो नियम नहीं है, नहीं तो मेरा बैंक बैलेंस खत्म हो जाता। आजकल हैंडबैग कितने महंगे हो गए हैं।"
2000 के दशक में इमरान हाशमी अपनी फिल्मों में लगातार रोमांटिक और किसिंग सीन की वजह से 'सीरियल किसर' के नाम से फेमस हो गए थे। उस दौर में उनकी पत्नी परवीन शाहनी के साथ एक अनोखा समझौता था। फिल्मों में हर किसिंग सीन के बदले इमरान उन्हें एक नया हैंडबैग गिफ्ट करते थे। बता दें, इस बारे में इमरान ने 2016 में भी खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में उनकी पत्नी किसिंग सीन देखकर नाराज हो जाती थीं। फिर बाद में दोनों के बीच ये मजाकिया नियम बन गया कि हर फिल्म और हर किस के बदले उन्हें एक नया हैंडबैग मिलेगा।
इमरान ने उस समय मजाक में कहा था कि पहले उनकी पत्नी उन्हें बैग से मारती थीं, लेकिन अब सिर्फ हाथ से मारती हैं। उन्होंने ये भी बताया था कि उनकी पत्नी की अलमारी हैंडबैग से भर चुकी है और एक पूरी अलमारी सिर्फ बैग रखने के लिए है। बता दें, इमरान हाशमी ने 2006 में परवीन शाहनी से शादी की थी। दोनों के बेटे अयान का जन्म 2010 में हुआ। इमरान फिल्ममेकर महेश भट्ट के भतीजे हैं, जबकि एक्ट्रेस आलिया भट्ट उनकी कजिन हैं।
सैयद इमरान अनवर हाशमी ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी। उन्होंने 2002 में फिल्म 'राज' में कैमरे के पीछे काम किया। इसके बाद 2003 में 'फुटपाथ' से एक्टिंग की शुरुआत की, लेकिन 2004 में रिलीज हुई 'मर्डर' ने उन्हें बॉलीवुड में अलग पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने 'गैंगस्टर', 'आवारापन', 'जन्नत' सीरीज, 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई', 'क्रूक', 'शंघाई', 'टाइगर 3' और 'सेल्फी' जैसी फिल्मों में काम किया। हाल के सालों में उन्होंने करण जौहर की वेब सीरीज 'शोटाइम' के जरिए ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
हाल ही में इमरान हाशमी नेटफ्लिक्स पर आर्यन खान की डेब्यू सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में अपने कैमियो को लेकर भी चर्चा में रहे। इस सीरीज में राघव जुयाल उनके बड़े फैन की भूमिका में नजर आए और उनसे जुड़ा एक सीन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और अब इमरान अपनी अगली फिल्म 'आवारापन 2' की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। इस फिल्म में वो एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आएंगे। साथ ही, दिशा पटानी और शबाना आजमी भी फिल्म का हिस्सा हैं। नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ये फिल्म 14 अगस्त 2026 को थिएटर में रिलीज होगी।