बॉलीवुड

‘मैं अमर हूं, मुझे कुछ नहीं हो सकता’, ‘मिर्जापुर’ में ‘मुन्ना भैया’ की वापसी पर Divyenndu Sharma बोले- ‘मुझे मारना एक गलती थी’

Divyenndu Sharma on Mirzapur the Movie Munna Bhaiya Comeback: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में मुन्ना भैया के किरदार में दिव्येंदु शर्मा की वापसी होगी। ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक्टर ने किरदार की वापसी और उसकी मौत को लेकर मजेदार बयान देते हुए कहा कि मैं अमर हूं।
2 min read
Aug 12, 2026
Mirzapur The Movie Munna Bhaiya
मुन्ना भैया की मिर्जापुरर में वापसी पर बोले दिव्येंदु शर्मा। (फोटो सोर्स: IMDb)

Divyenndu Sharma on Munna Bhaiya Comeback: कई सालों से स्ट्रीमिंग की दुनिया पर राज करने के बाद, 'मिर्जापुर' आखिरकार थिएटर आने वाली है। 'मिर्जापुर: द मूवी' में कुछ ऐसे किरदार वापस आएंगे जिनके बारे में माना जाता था कि वो मर चुके हैं, और इस बात ने फैंस का एक्साइटमेंट और बढ़ा दिया है। इन्हीं किरदारों में से एक है एक्टर दिव्येंदु शर्मा का मशहूर किरदार मुन्ना भैया। बीती 11 अगस्त को मुंबई में फिल्म की पूरी कास्ट की मौजूदगी में इसका ऑफिशियल ट्रेलर लॉन्च किया गया।

'मैं हिंदी फिल्म का हीरो हूं, मैं अमर हूं'

फिल्म के बारे में सबसे ज्यादा चर्चा मुन्ना भैया के तौर पर दिव्येंदु की वापसी की हो रही है। जब उनसे उनके किरदार की वापसी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपने किरदार के खास अंदाज में कहा, "सबसे पहली बात, यह एक गलती थी, और हर कोई इस बात से सहमत है। मैं हिंदी फिल्म का हीरो हूं; मैं अमर हूं; मेरा कुछ नहीं बिगड़ सकता।" बता दें कि मिर्जापुर वेबसीरीज के दूसरे सीजन के आखिरी एपिसोड में मुन्ना त्रिपाठी की लड़ाई गुड्डू पंडित और गोलू गुप्ता से हुई थी। गोलू ने उसे कई बार गोली मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में गुड्डू और गोलू उसकी लाश भी अपने साथ ले गए।

'मिर्जापुर' को थिएटर तक लाने पर फरहान अख्तर

'मिर्जापुर' की लोकप्रियता और एक सपने को हकीकत में बदलने का क्रेडिट दर्शकों को देते हुए प्रोड्यूसर फरहान अख्तर ने कहा, "इस शो के दर्शकों के प्यार की वजह से ही ये सपना पूरा हो पाया है। उन्होंने शो को तब से सपोर्ट किया है जब इसका पहला सीजन रिलीज हुआ था। प्राइम वीडियो ने इसे पूरी दुनिया में पहुंचाया। लोग अलग-अलग फिल्मों और सीक्वल के बारे में पूछते हैं, लेकिन मैं जहां भी जाता हूं, लोग हमेशा मुझसे पूछते हैं कि 'मिर्जापुर' कब आ रही है। वे हमेशा इसके बारे में पूछते हैं। जब से फिल्म की घोषणा हुई है, लोग पूछ रहे हैं कि यह कब रिलीज होगी। तो, यह फैंस ही हैं जिन्होंने इसकी मांग की है। हम बहुत खुश और आभारी हैं कि हमने इसे ओरिजिनल कास्ट और शानदार नई कास्ट के साथ मिलकर बनाया है।"

मिर्जापुर: द मूवी के बारे में

हाल ही में मेकर्स ने 'मिर्जापुर: द मूवी' का ट्रेलर रिलीज किया है, जो सीजन 1 की कहानी को आगे बढ़ाता है। कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित जैसे कुछ पॉपुलर किरदार वापस आ रहे हैं। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु और रसिका दुगल सभी वापसी कर रहे हैं। सीरीज में विक्रांत मैसी ने बबलू पंडित का किरदार निभाया था, जिसे फिल्म में जितेंद्र कुमार निभाएंगे। हर्षिता गौर, शीबा चड्ढा, अभिषेक बनर्जी और राजेश तैलंग भी वापसी कर रहे हैं, साथ ही सोनल चौहान, रवि किशन, सुशांत सिंह और मोहित मलिक जैसे नए चेहरे भी नज़र आएंगे। बता दें कि फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।