O Romeo Box office Collection Day 1: शाहिद कपूर की फिल्म ओ रोमियो ने रिलीज के पहले दिन ही शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने पहले दिन अपनी ही फिल्मों के रिकॉर्ड को मात दे दी है। आइये जानते हैं फिल्म की पहले दिन की कमाई...
O Romeo Box office Collection Day 1: बॉलीवुड के 'कबीर सिंह' यानी शाहिद कपूर एक बार फिर पर्दे पर अपना जादू बिखेरने लौट आए हैं। शाहिद और तृप्ति डिमरी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'ओ रोमियो' बीते शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर पिछले कई महीनों से जबरदस्त चर्चा थी। अब फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के आंकड़े सामने आ गए हैं, जो शाहिद के फैंस के लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं हैं। एक्टर ने अपनी ही इन धांसू फिल्मों का रिकॉर्ड ब्रेक कर दिया है।
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, 'ओ रोमियो' ने अपने ओपनिंग डे यानी 13 फरवरी शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 8.25 करोड़ रुपये की कमाई की है। यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि शाहिद ने अपनी पिछली कई फिल्मों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। शाहिद की पिछली फिल्म 'देवा' ने पहले दिन 5.50 करोड़, 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' ने 6.70 करोड़ और 'जर्सी' ने मात्र 3.2 करोड़ की शुरुआत की थी। ऐसे में 'ओ रोमियो' के कलेक्शन ने साबित कर दिया है कि शाहिद और विशाल भारद्वाज की जोड़ी का क्रेज आज भी बरकरार है।
फिल्म की रिलीज के मौके पर शाहिद ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' से बातचीत में कुछ दिलचस्प किस्से भी शेयर किए। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में उनका लुक काफी अलग है और हर रोज टैटू बनवाने में उन्हें करीब ढाई घंटे लगते थे। शाहिद ने मजाक में कहा, "मैंने तृप्ति से कहा कि इस फिल्म में 'हिरोइन' मैं हूं, क्योंकि तृप्ति तो नो-मेकअप लुक में दो मिनट में तैयार हो जाती थीं और मुझे घंटों बैठना पड़ता था।"
इतना ही नहीं, शाहिद ने खुलासा किया कि फिल्म के कठिन नाइट सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान ही उनकी हिप सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बावजूद उन्होंने काम जारी रखा, जो उनके लिए शारीरिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण था। शाहिद का कहना है कि उन्हें 'व्हाइट शेड' (बिल्कुल सीधे-साधे) किरदारों के बजाय ग्रे शेड्स वाले रोल ज्यादा पसंद आते हैं।
बता दें कि शाहिद कपूर और डायरेक्टर विशाल भारद्वाज इससे पहले 'कमीने', 'हैदर' और 'रंगून' जैसी यादगार फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। यह उनकी चौथी फिल्म है। वहीं, 'एनिमल' फेम तृप्ति डिमरी पहली बार शाहिद के साथ पर्दे पर नजर आ रही हैं। फिल्म में विक्रांत मैसी, अविनाश तिवारी और नाना पाटेकर जैसे मंझे हुए कलाकारों की मौजूदगी ने इसे और भी दमदार बना दिया है।