Ravi Kishan On Dhurandhar 2: रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा रही है। रिलीज के 18 दिनों में फिल्म ने वर्ल्डवाइड तकरीबन 1600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्मीं गलियारों से लेकर सियासी गलियारों तक हर जगह फिल्म की चर्चा हो रही है। अब नेता और अभिनेता रवि किशन ने फिल्म को प्रोपेगेंडा बताने वालों पर निशाना साधते हुए कहा है कि सच दुनिया के सामने लाना जरूरी है।
Ravi Kishan On Dhurandhar 2: एक्टर और पॉलिटिशियन रवि किशन ने आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का जोरदार समर्थन किया है और कुछ आलोचकों के इस दावे को खारिज किया है कि फिल्म प्रोपेगेंडा है। एक्टर ने कहा कि इस तरह के आरोप लगाना बिलकुल गलत है। इसके साथ ही उन्होंने दर्शकों से फिल्म को सपोर्ट करने का आग्रह भी किया। उनका मानना है कि इस फिल्म ने फिल्म इंडस्ट्री को एक नई दिशा और बढ़ावा दिया है।
आदित्य धर निर्देशित और रणवीर सिंह अभिनीत इस एक्शन-स्पाई-थ्रिलर फिल्म ने रिलीज के 18 दिनों में भारत में 1000 करोड़ और वर्ल्डवाइड तकीबन 1600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। कुछ लोगों द्वारा फिल्म की आलोचना करने पर एक्टर रवि किशन ने कहा कि फिल्मों को इस तरह से लेबल करने का चलन गलत है।
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए उन्होंने कहा, “इसे प्रचार फिल्म कहना सरासर गलत है! साउथ फिल्म इंडस्ट्री के एक्टर्स ने इसका खुलकर समर्थन किया, सबको ऐसा ही करना चाहिए। फिल्मों को प्रोपेगेंडा करार देने का आजकल एक नया ट्रेंड चल गया है, एक नया कबूतर पकड़ लिए हैं लोग!”
इसके साथ ही रवि किशन ने धुरंधर फ्रैंचाइज़ी और साल 1975 में आई सुपर डुपर हिट फिल्म 'शोले' की तुलना करते हुए कहा कि फिल्में अक्सर वास्तविक जीवन की घटनाओं से प्रेरणा लेकर सिनेमाई अंदाज में पेश करती हैं।
आगे उन्होंने कहा, “लेखक असल घटनाओं से टॉपिक चुनते हैं, और टीम उन्हें सिनेमाई अंदाज में पर्दे पर उतारती है। फिर से लोगों का सिनेमाघरों में जाना शुरू होना बहुत ही खुशी की बात है। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की हालत बहुत खराब थी, लगभग ठप हो गया था! यह इंडस्ट्री के लिए वरदान साबित हुआ है, और लाखों लोग सिनेमा से अपनी रोजी रोटी कमाते हैं।”
इसके साथ ही रवि किशन ने कहा, “यह महत्वपूर्ण है कि फिल्में सोसाइटी में जो हो रहा है और जो हुआ है, उसे पर्दे पर दिखाए। वास्तव में, हमें रिसर्च के जरिये अपने इतिहास को भी सही करना होगा, इतिहास के उन पन्नों को जो हमसे छीन लिए गए हैं! उस सच्चाई को लोगों के सामने लाना होगा।”
फिल्म का हिस्सा न बन पाने पर एक्टर ने कहा “मुझे पता है कि कहीं न कहीं कोई मेरे लिए 'धुरंधर' जैसी फिल्म लिख रहा होगा। जो किस्मत में लिखा है, वही होगा; यह मेरे नसीब में नहीं था। इसी तरह, मैं अपनी पसंदीदा फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर में नहीं हूं, इसलिए मुझे उसका कोई अफसोस नहीं है! लेकिन, मैं आदित्य धर या संजय लीला भंसाली के साथ जरूर काम करना चाहूंगा, जैसे अब मुझे 'नागजिला' में करण जौहर के साथ काम करने का मौका मिला। इसलिए, मुझे कोई अफसोस नहीं।" उनका कहना है कि अगर उन्हें 'धुरंधर' में कास्ट किया जाता, तो वो खुशी-खुशी कोई भी रोल कर लेते, हालांकि, उन्हें रणवीर का किरदार हजमा खास तौर पर पसंद आया।
हाल ही में रविकिशन 'मामला लीगल है' के सीजन 2 में नजर आये हैं। रवि किशन के वर्कफ्रंट की बात करें तो रवि किशन 'मिर्जापुर द फिल्म', करण जौहर द्वारा निर्मित 'नागजिला', 'भाई बहन' और राम चरण के साथ 'पेड्डी' जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा वो अपकमिंग वेबसीरीज 'टीडीएस' में भी नजर आएंगे।