
Pawan Singh In Rise And Fall 2: रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में अब भोजपुरी स्टार और राजनेता पवन सिंह की एंट्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है। खबरों के मुताबिक, पवन सिंह एक बार फिर शो के टावर में वापसी कर सकते हैं। खास बात यह है कि पवन ने पहले सीजन में शो को बीच में ही छोड़ दिया था। उस समय उन्होंने भावुक होकर अपने साथियों से कहा था कि जब भी उन्हें उनकी याद आएगी, वह वापस लौटेंगे। अब दूसरे सीजन में उनकी संभावित वापसी को उसी वादे से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, पवन सिंह की वापसी को लेकर अभी तक शो के निर्माताओं या चैनल की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने संकेत दिया है कि भोजपुरी स्टार की सरप्राइज वापसी की तैयारी हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो एक पूर्व ‘रूलर’ के तौर पर पवन की एंट्री शो के मौजूदा समीकरणों को काफी हद तक बदल सकती है।
पवन सिंह ‘राइज एंड फॉल’ के पहले सीजन का हिस्सा थे। शो के दौरान उनकी कई प्रतियोगियों के साथ अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली थी। धनश्री वर्मा के साथ उनकी दोस्ती भी काफी चर्चा में रही थी। इसके अलावा उन्होंने दूसरे प्रतियोगियों के साथ भी दोस्ताना रिश्ता बनाए रखा।
हालांकि, निजी व्यस्तताओं के चलते पवन सिंह ने शो को बीच में ही छोड़ने का फैसला किया था। उनके जाने का पल काफी भावुक था। उस दौरान उन्होंने अपने साथियों से कहा था कि जब भी उन्हें उनकी याद आएगी, वह वापस आएंगे। अब यही बात उनकी संभावित वापसी के बीच फिर से चर्चा में आ गई है।
‘राइज एंड फॉल 2’ में इस समय गेम तेजी से बदल रहा है। तेज प्रताप ने कानूनी परेशानियों का हवाला देते हुए शो से बाहर होने का फैसला किया, जबकि कायरा अनु और राज ग्रोवर को एविक्शन का सामना करना पड़ा। वहीं, टावर में वर्कर्स और रूलर्स के बीच भी मुकाबला लगातार बढ़ता जा रहा है।
हाल ही में निहारिका तिवारी ने स्वरा भास्कर को ‘डिलीवरिंग अपना पैन’ टास्क में हराकर सीजन की पहली महिला ‘अल्टीमेट रूलर’ बनने का गौरव हासिल किया।
फिलहाल निहारिका तिवारी और स्वरा भास्कर के साथ शहजाद पूनावाला, इरीना रुडाकोवा और वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट ऋषभ जायसवाल पेंटहाउस में रूलर्स की भूमिका में हैं। वहीं गौतम गुलाटी, प्रियंका चाहर चौधरी, सारा गुरपाल, मनीष कश्यप, काजल राघवानी और वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट जशवंत बोपन्ना और सोनम मलिक बेसमेंट में वर्कर्स हैं।
ऐसे में अगर पवन सिंह की टावर में वापसी होती है तो उनकी पुरानी पहचान और अनुभव गेम की रणनीतियों को प्रभावित कर सकते हैं। उनकी एंट्री से पुराने रिश्ते, नई दोस्तियां और विरोधी गुटों के बीच समीकरण बदलने की संभावना है।
‘राइज एंड फॉल 2’ का निर्माण बनिजय एशिया ने किया है और शो को वीरेंद्र सहवाग होस्ट कर रहे हैं। शो Amazon MX Player पर दोपहर 12 बजे स्ट्रीम होता है।