
Salman Khan In Bigg Boss 20: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ अपनी दरियादिली और परिवार के लिए अपने गहरे जुड़ाव के लिए भी जाने जाते हैं। हर कोई जानता है कि भाईजान के लिए उनका पूरा परिवार क्या मायने रखता है। वह अक्सर अपनी निजी जिंदगी को छुपाकर रखना पसंद करते हैं, लेकिन रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में उन्होंने कुछ ऐसी बातें बताई हैं जिसे सुनकर उनके फैंस भी भावुक हो गए और एक्टर की तारीफ करने लगे। 'वीकेंड का वार' एपिसोड के दौरान सलमान खान ने अपने परिवार के अतीत से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया और साथ ही बताया कि उन्होंने अपने पिता से माफी मांगी। ये उन्होंने क्यों किया इसका भी कारण सलमान ने बताया।
सलमान खान इन दिनों बिग बॉस 20 में पैप्स को फटकार तो कभी ट्रोलर्स को करारा जवाब देते नजर आ रहे हैं। साथ ही वह अपनी निजी जिंदगी पर भी कमेंट कर देते हैं। इस बार वीकेंड का वार में भी यही हुआ। शो के दौरान प्रतियोगियों ने जब अपने जीवन के पछतावे और तनावपूर्ण पारिवारिक रिश्तों पर खुलकर चर्चा की, तो सलमान खान खुद को रोक नहीं पाए।
सलमान खान ने अपने निजी जीवन का एक बहुत ही खूबसूरत और संवेदनशील किस्सा शेयर किया। अभिनेता ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपने पिता, दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान (Salim Khan) के पास बैठकर उनसे उन सभी बातों के लिए माफी मांगी, जिनसे जाने-अनजाने कभी उनके पिता को दुख पहुंचा हो।
सलमान खान ने कहा, "हम सभी को कभी न कभी पछतावा होता है, और फिर हम पश्चाताप करते हैं। जैसे कि कुछ दिन पहले, मैं अपने पिता से बात कर रहा था। हम आराम कर रहे थे, और मैंने उनसे कहा कि एक बेटे के तौर पर, अगर मैंने कभी कुछ गलत कहा हो या आपको निराश किया हो, तो मुझे बहुत खेद है।"
इसके साथ ही उन्होंने यह भी याद किया कि जब उनके पिता सलीम खान ने उनकी मां से शादी की थी, तो उस समय पारिवारिक और सामाजिक परिस्थितियों के चलते उनके नाना ने सलीम साहब से लगभग पांच साल तक कोई बातचीत नहीं की थी। सलमान ने इस बात पर जोर दिया कि जीवन में दूरियों को बहुत लंबा खींचने का कोई मतलब नहीं होता है। गलतफहमियों को जल्द ही खत्म कर देना चाहिए।
शो के दौरान प्रतियोगी आसिफ खान ने भी अपने भाई से जुड़े एक पुराने झगड़े और पछतावे का जिक्र किया। आसिफ ने बताया कि शराब की लत लगने से पहले उनका भाई घर का सारा काम संभालता था, लेकिन एक बार घर में हुए बड़े झगड़े के दौरान उन्होंने अपने भाई पर हाथ उठा दिया था, जिसका उन्हें आज भी गहरा मलाल है और वह माफी मांगना चाहते हैं।
आसिफ की यह बात सुनकर सलमान खान ने उन्हें बेहद समझदारी भरी सलाह दी। उन्होंने कहा कि परिवार के रिश्तों में अहंकार को कभी भी बीच में नहीं लाना चाहिए। सलमान ने सलाह देते हुए कहा, "जब ऐसी बातें हों, तो तुरंत सुलझा लो। समय को यूं ही बीतने मत देना चाहिए। अगर तुमने अगले ही दिन यह मामला सुलझा लिया होता, तो आज तुम वह कीमती वक्त अपने भाई के साथ बिता सकते थे।"
सलमान खान की इन बातों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पर्दे पर सख्त दिखने वाले 'भाईजान' असल जिंदगी में रिश्तों की अहमियत को कितनी गहराई से समझते हैं।