बॉलीवुड

कौन है अभिनेता रोहुल्लाह मेहदी? जो ड्रग्स केस में हुए गिरफ्तार, शाहिद कपूर संग ‘देवा’ में आए थे नजर

Actor Rohullah Mehdi Arrest: बॉलीवुड के अभिनेता और मॉडल रोहुल्लाह मेहदी को मुंबई पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई में गिरफ्तार किया है। वह शाहिद कपूर के साथ देवा में नजर आए थे।
2 min read
Aug 24, 2026
Shahid Kapoor Deva co-star Rohullah Mehdi arrested Drug supply
शाहीद कपूर के को-स्टार को पुलिस ने किया गिरफ्तार (Photo Source- Twitter/rohullahmehndi)

Actor Rohullah Mehdi Arrested for Involvement Drug case: सोशल मीडिया पर उस समय हंगामा मच गया जब खबर आई कि शाहिद कपूर के को-स्टार अभिनेता और मॉडल रोहुल्लाह मेहदी को ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया गया है। उनपर आरोप लगा कि वह मुंबई के मीरा रोड इलाके में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए कथित तौर पर ड्रग्स का नेटवर्क चलाते थे। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 5.60 लाख रुपये कीमत की 28 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स जब्त की है। हैरान करने वाली बात यह रही कि पुलिस ने एक्टर को एक स्टूडियो के बाहर शूटिंग करते वक्त रंगे हाथों दबोचा।

अभिनेता रोहुल्लाह मेहदी हुए गिरफ्तार

NDTV की एक रिपोर्ट के अनुसार, रोहुल्लाह मेहदी को इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि काशिमीरा पुलिस क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं और हाई-प्रोफाइल लोगों को एमडी (MD) ड्रग्स बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने रोहुल्लाह मेहदी को कैसे गिरफ्तार किया?

सूचना को पुख्ता करने के लिए डीसीपी जोन-1 राहुल चव्हाण की देखरेख में पुलिस टीम ने एक फर्जी ग्राहक बनाकर तस्करों को जाल में फंसाया। योजना के तहत, 'कासिफ' नाम के एक शख्स को दहिसर चेक नाका के ठाकुर मॉल के पास 28 ग्राम एमडी ड्रग्स की सप्लाई के लिए बुलाया गया। जैसे ही कासिफ डिलीवरी देने पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

कासिफ को गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड के रूप में रोहुल्लाह मेहदी का नाम बताया। क्राइम ब्रांच ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मलाड इलाके में एक शूटिंग स्टूडियो के बाहर घेराबंदी की और रोहुल्लाह मेहदी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।

कौन हैं रोहुल्लाह मेहदी?

जम्मू-कश्मीर के बुडगाम जिले के रहने वाले रोहुल्लाह मेहदी लंबे समय से मुंबई के गोरेगांव इलाके में रहकर एक्टिंग और मॉडलिंग कर रहे थे। उन्होंने कई विज्ञापनों और वेब सीरीज में भी काम किया है। हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड स्टार शाहिद कपूर की मच-अवेटेड फिल्म 'देवा' में 'रोहन भाई' का अहम किरदार निभाया था।

बॉलीवुड कनेक्शन खंगाल रही पुलिस

फिलहाल काशिमीरा पुलिस की टीम इस पूरे ड्रग सिंडिकेट की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का मुख्य ध्यान यह पता लगाने पर है कि रोहुल्लाह मेहदी इस नशे की सप्लाई किन-किन लोगों को कर रहे थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस ड्रग नेटवर्क के तार फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े अन्य लोगों से भी जुड़े हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान और भी कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

Updated on:
24 Aug 2026 08:29 am
Published on:
24 Aug 2026 08:20 am