
Shishir Sharma statement on Sushant suicide: बॉलीवुडका वो चमकता सितारा जिसने अपने करियर की शुरूआत टीवी शो से की थी, लेकिन अपनी काबिलियत के बदौलत वह इंडस्ट्री में एक खास मुकाम हासिल कर चुका था। सुशांत सिंह राजपूत की मौत आज भी लगभग 6 साल बाद एक पहेली बनी हुई है। उनसे जुड़े सवाल आज भी उनके फैंस और सिनेमा जगत को झकझोर देते हैं। साल 2020 में बांद्रा स्थित फ्लैट से आई उस खौफनाक खबर ने पूरे देश को सुन्न कर दिया था कि सुशांत सिंह ने सुसाइड कर लिया है।
CBI जांच और क्लोजर रिपोर्ट में इसे शुरूआत से ही आत्महत्या माना गया, लेकिन सुशांत के करीबी आज भी इस थ्योरी को स्वीकार नहीं कर पाते हैं। जहां पहले उनका परिवार एक्टर की मौत को सोची समझी साजिश करार दे रहा है, वहीं अब इस पूरे मामले पर फिल्म 'छिछोरे' में सुशांत के साथ काम कर चुके दिग्गज अभिनेता शिशिर शर्मा ने भी बेहद चौंकाने वाले और बेबाक विचार लोगों के साथ शेयर किए हैं।
एक इंटरव्यू में शिशिर शर्मा ने सुशांत के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि उनका और सुशांत का रिश्ता काफी पुराना था। जब सुशांत टीवी शो 'पवित्र रिश्ता' में काम कर रहे थे, तब शिशिर भी पास के सेट पर 'यहां मैं घर-घर खेली' की शूटिंग करते थे। दोनों अक्सर लंच ब्रेक में साथ बैठकर खाना खाते थे। शिशिर ने कहा, "जब निर्देशक नितेश तिवारी ने मुझे फिल्म 'छिछोरे' के लिए कास्ट किया और बताया कि सुशांत भी इसका हिस्सा हैं, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जब हम सेट पर मिले, तो हमने एक-दूसरे को ऐसे गले लगाया जैसे कुंभ के मेले में बिछड़े हुए दो दोस्त सालों बाद मिल रहे हों।"
14 जून 2020 की उस काली दोपहर को याद करते हुए शिशिर भावुक हो गए। उन्होंने बताया, "शाम के करीब 4 बजे जब मेरे फोन पर सुशांत की मौत का मैसेज आया, तो मेरे आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। वह अंदर से हिला देने वाला एक बहुत बड़ा झटका था। दिमाग में बस यही घूम रहा था कि कैसे और क्यों? इतना बेहतरीन और जिंदगी को करीब से समझने वाला इंसान ऐसा कदम कैसे उठा सकता है? कोई तो वजह रही होगी, क्योंकि यूं ही कोई अपनी जान नहीं दे देता।"
जब शिशिर शर्मा से सीधे तौर पर पूछा गया कि क्या उन्हें सुशांत की मौत एक आत्महत्या लगती है? तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। शिशिर ने कहा, "नहीं, मुझे कभी नहीं लगा और न ही मैं आज मानता हूं कि वह सुसाइड था। सुशांत वैसा इंसान ही नहीं था जो ऐसा कमजोर कदम उठाए। वह बहुत सुलझा हुआ और दिमागी रूप से बेहद मजबूत व्यक्ति था। फांसी लगाने के लिए बहुत हिम्मत और एक अलग तरह के जिगर की जरूरत होती है। आप अचानक उठकर ऐसा नहीं कर सकते। उस वक्त दिमाग में क्या चल रहा होगा, परिस्थितियां क्या थीं, यह आज भी एक बड़ा सस्पेंस है।"
गौरतलब है कि सुशांत की रहस्यमय मौत के बाद चौतरफा दबाव के कारण यह केस सीबीआई को सौंपा गया था। लंबी जांच के बाद CBI ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट में मौत की वजह खुदकुशी ही बताई थी, लेकिन शिशिर शर्मा जैसे करीबियों के बयान आज भी इस कड़वे सच पर सवालिया निशान खड़े करते हैं।