बॉलीवुड

Tiger Shroff Firing: हमले की रात क्या हुआ था? टाइगर श्रॉफ ने एकनाथ शिंदे को बताई पूरी बात

Tiger Shroff Attack Mumbai: अमेरिका से ऑपरेट करने वाले तथाकथित लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने, जिसने सलमान खान समेत अन्य अभिनेताओं पर हुए हमलों की जिम्मेदारी ली थी, खुले तौर पर यह भी कहा कि उसने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया है।
3 min read
• •
Oct 19, 2026
Tiger Shroff Firing

Tiger Shroff Attack: कल (18 अक्टूबर) रात मुंबई में 36 वर्षीय अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हथियारबंद लोगों द्वारा गोलीबारी किए जाने की घटना के बाद, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज (19 अक्टूबर) सुबह एक्टर से मुलाकात की। बता दें फायरिंग की इस घटना में टाइगर का ड्राइवर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सलमान खान समेत अन्य अभिनेताओं पर हुए हमलों की जिम्मेदारी लेने वाले और सात समुन्दर पार से ऑपरेट करने वाले तथाकथित लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उसने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया है।

'नहीं पता लॉरेंस बिश्नोई गैंग या सलमान खान से मुझे क्यों जोड़ा जा रहा है- टाइगर श्रॉफ

NDTV के मुताबिक, अभिनेता को इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि किसी ने ऐसा क्यों सोचा, क्योंकि उन्हें कोई धमकी नहीं मिली थी और न ही किसी के साथ उनकी कोई दुश्मनी थी। उन्होंने बताया कि जब अभिनेता की शिंदे से मुलाकात हुई, तो उन्होंने यही बात उन्हें भी बताई।

रिपोर्ट्स के अनुसार, मुलाकात के दौरान टाइगर श्रॉफ ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री को बताया कि वीकेंड पर फुटबॉल खेलने के बाद वे अक्सर अपने फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं। कल वे थके हुए थे, इसलिए उन्होंने यह सेशन नहीं किया। उनका यह फैसला उनके लिए किस्मत वाला साबित हुआ, जिससे उनकी जान बच गई।

टाइगर ने शिंदे से कहा कि उन्हें बिल्कुल भी नहीं पता कि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग या अभिनेता सलमान खान से जुड़ी किसी भी चीज से क्यों जा रहा है।

एकनाथ शिंदे ने जैकी श्रॉफ से बात की

मुलाकात के बाद, शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती और एक्टर के पिता जैकी श्रॉफ से बात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। प्रशासन श्रॉफ के लिए पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड्स और उनके घर पर कड़ी पुलिस सुरक्षा का इंतजाम करेगा।

शिंदे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि आपराधिक नेटवर्क को एक बार फिर जड़ से खत्म कर दिया जाए। उन्होंने 1990 के दशक में अलग दाउद गैंग के खिलाफ की गई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, "1990 के दशक में, जब गैंग वॉर बहुत बढ़ गई थी, तब इनकी जड़ों को उखाड़ फेंका गया था। अब समय आ गया है कि इन्हें फिर से उसी तरह जड़ से खत्म कर दिया जाए।" श्राफ की कार पर हुई फायरिंग पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए, उपमुख्यमंत्री ने कहा, "जैसे को तैसा, गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा।"

उन्होंने कहा, "नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। मशहूर हस्तियों को जानबूझकर क्यों धमकाया जा रहा है? पुलिस इस मामले की तह तक जाएगी और इन गिरोहों को खत्म कर देगी। हम मुंबई में गैंगवार बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।"

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हत्या की इस कोशिश के पीछे का संदेश देने के लिए अनिल पंडित को भेजा

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हत्या की इस कोशिश के पीछे का संदेश देने के लिए अपने एक 'प्रतिनिधि' अनिल पंडित को भेजा है। माना जा रहा है कि पंडित अमेरिका से काम कर रहा है। उसने बताया कि गैंग ने श्राफ को सलमान खान, जो लंबे समय से इस गैंग के निशाने पर हैं के साथ काम न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन युवा अभिनेता ने उनकी बात नहीं मानी।

32 वर्षीय पंडित मूल रूप से पानीपत के एक गांव का रहने वाला है। उसके पास पासपोर्ट था और वह 2023 में देश छोड़कर कनाडा चला गया था। लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गैंगस्टर रणदीप मलिक के संपर्क में आने के बाद, वह अमेरिका के कैलिफोर्निया पहुंच गया और कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग में शामिल हो गया।

'लॉरेंस बिश्नोई से माफी मांगो'

टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद, एक ऑडियो में सलमान खान को दोबारा से वार्निंग देते हुए कहा है कि लॉरेंस बिश्नोई से मांगो।

टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने बताया, 'दुखद'

टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को लेकर बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने कहा, "यह बहुत दुखद है। यह काफी चिंता का विषय है और जांच का मामला है। हमें महाराष्ट्र पुलिस पर पूरा भरोसा है। मामले की जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। यह बहुत ही गंभीर और चिंताजनक बात है। टाइगर बहुत ही मासूम इंसान हैं। मैं महादेव और माता रानी से प्रार्थना करता हूं कि वे उनकी रक्षा करें। महाराष्ट्र पुलिस और महाराष्ट्र सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। बहुत जल्द, इसके लिए जिम्मेदार सभी लोगों को पकड़ लिया जाएगा और उन्हें सबसे सख्त सजा दी जाएगी।"

Updated on:
19 Oct 2026 12:51 pm
Published on:
19 Oct 2026 12:33 pm