
Veerana actress Jasmine Dhunna: साल 1988 में आईहिंदी सिनेमा की आइकॉनिक हॉरर फिल्म 'वीराना' (Veerana) को भला कौन भूल सकता है। इस फिल्म ने अपनी डरावनी कहानी से ज्यादा मुख्य अभिनेत्री जैस्मीन धुन्ना की खूबसूरती के लिए सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म में एक खूबसूरत लेकिन डरावनी आत्मा का किरदार निभाकर रातों-रात स्टार बनीं जैस्मीन लगभग 38 सालों से फिल्म इंडस्ट्री का सबसे बड़ा रहस्य बनी हुई हैं। अब इतने सालों बाद फिल्म निर्माता दीपक रामसे ने जैस्मीन के अचानक गायब होने को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिन्होंने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल तेज कर दी है।
एक मीडिया इंटरव्यू में दीपक रामसे ने 'वीराना' की रिलीज के बाद मचे तहलके को याद किया। उन्होंने बताया, "जैस्मीन बहुत छोटी थीं। उन्होंने पहले विनोद खन्ना के साथ भी एक फिल्म की थी, लेकिन वहां उन्हें पहचान नहीं मिली। मगर जब 'वीराना' रिलीज हुई, तो लोग उनके दीवाने हो गए। मासूमियत और सुंदरता का उनका कॉम्बिनेशन इतना घातक था कि एक खूबसूरत महिला से भयानक चुड़ैल में बदलने का उनका अंदाज फिल्म का सबसे बड़ा चर्चित विषय बन गया था।"
दीपक ने खुलासा किया कि जैस्मीन की लोकप्रियता इस कदर बढ़ गई थी कि बॉलीवुड के कई बड़े प्रोड्यूसर उनका नंबर मांगने के लिए रामसे परिवार के चक्कर काट रहे थे। हर कोई उन्हें अपनी फिल्मों में साइन करना चाहता था।
इतनी बड़ी सफलता के बावजूद जैस्मीन ने अचानक बॉलीवुड और चकाचौंध की दुनिया से दूरी बना ली। उन्होंने अचानक फोन उठाना बंद कर दिया और फिर कभी कैमरे के सामने नहीं आईं। जब दीपक रामसे से पूछा गया कि क्या आज उन्हें जैस्मीन के ठिकाने के बारे में पता है? तो उन्होंने साफ कहा, "सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि वह आज कहां हैं। शुरुआत में उन्होंने तुलसी रामसे और श्याम रामसे से अनुरोध किया था कि वह उनका नंबर किसी भी प्रोड्यूसर के साथ शेयर न करें, क्योंकि वह अब फिल्में नहीं करना चाहतीं। हमने उनकी इच्छा का सम्मान किया, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने हमसे भी संपर्क तोड़ लिया और पूरी तरह गायब हो गईं।"
पिछले कई सालों से अफवाहें हैं कि जैस्मीन की खूबसूरती के कारण अंडरवर्ल्ड के कुछ खतरनाक लोग उनके पीछे पड़ गए थे। इस पर बात करते हुए दीपक रामसे ने कहा, "मैंने भी वह अफवाहें सुनी थीं। वह कितनी सच थीं, मैं पक्के तौर पर नहीं कह सकता। लेकिन हां, ऐसी चर्चाएं थीं कि अंडरवर्ल्ड से जुड़े कुछ लोग लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। हो सकता है कि इसी डर और मानसिक तनाव की वजह से उन्होंने खुद को सबसे दूर कर लिया और अपनी एक अलग दुनिया बसा ली।"
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जाता रहा है कि जैस्मीन भारत छोड़कर हमेशा के लिए अमेरिका में बस गई हैं और वहां एक बेहद साधारण और निजी जीवन जी रही हैं। हालांकि, दशकों बाद भी उनकी कोई सार्वजनिक तस्वीर या आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आज भी फैंस दीपक रामसे से उनके ऑटोग्राफ और ठिकाने के बारे में पूछते हैं, लेकिन 'वीराना' की यह खूबसूरत चुड़ैल आज भी बॉलीवुड की फाइलों में एक अनसुलझा रहस्य बनी हुई है।