
Encounter Specialist Pradeep Sharma On Underworld: बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड का रिश्ता दशकों पुराना और उतना ही डरावना रहा है। एक दौर था जब फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारे दाऊद इब्राहिम और अबु सलेम के नाम से थर-थर कांपते थे। अबु सलेम के साथ कई इंडस्ट्री की एक्ट्रेसस का नाम भी जुड़ा था और कहा जाता है कि यह वजह रही उनके करियर फ्लॉप होने की। ऐसे में उन खौफनाक दिनों को याद करते हुए हाल ही में मुंबई पुलिस के पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने कई अनसुने किस्सों से पर्दा उठाया है और कई बड़े राज खोले हैं जिन्हें सुनकर लोग हैरान हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कैसे अबु सलेम ने पूरी इंडस्ट्री को अपने आतंक के नीचे दबा रखा था।
प्रदीप शर्मा ने शुभजीत घोष के पॉडकास्ट में कई बातें बताई। इस दौरान उन्होंने अबु सलेम को 'सबसे गंदा क्रिमिनल' करार दिया। उन्होंने कहा, "उसने गुलशन कुमार जैसे नेक इंसान की हत्या मंदिर के बाहर करवाई थी। यह एक जघन्य अपराध था।" प्रदीप शर्मा के मुताबिक, अबु सलेम सिर्फ बड़े सितारों को ही नहीं, बल्कि कैमरामैन और छोटे टेक्नीशियनों तक को नहीं छोड़ता था और उनसे वसूली करता था।
प्रदीप शर्मा ने उस दर्दनाक घटना का जिक्र भी किया जब मनीषा कोइराला के सेक्रेट्री अजीत दीवानी की हत्या की गई थी। उन्होंने बताया कि उस वक्त इंडस्ट्री में लोग डर के मारे अबु सलेम का फोन उठाना बंद कर चुके थे। अबु सलेम को 'लेफ्टिनेंट' कहा जाता था और वह अपना संदेश पहुंचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता था।
प्रदीप शर्मा ने खुलासा किया, "जब लोगों ने फोन उठाना बंद कर दिया, तो इंडस्ट्री को यह मैसेज देने के लिए कि 'मुझसे बच नहीं सकते', सलेम ने अजीत दीवानी को सिर में गोली मरवा दी थी। ऐसा इसलिए क्योंकि एक्टर्स के फोन अक्सर उनके सेक्रेट्री ही उठाते थे, इसलिए उसने उन्हें निशाना बनाया ताकि पूरी इंडस्ट्री में दहशत फैल जाए।"
बातचीत के दौरान प्रदीप शर्मा ने मोनिका बेदी का जिक्र भी किया। प्रदीप शर्मा ने कहा कि उस वक्त जो अभिनेत्रियां इंडस्ट्री में जगह नहीं बना पाती थीं, वह कभी-कभी अंडरवर्ल्ड का सहारा लेती थीं। मोनिका बेदी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। शर्मा ने दो-टूक कहा कि "शॉर्टकट लेने का नतीजा हमेशा बुरा होता है और मोनिका बेदी को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ा।"
प्रदीप शर्मा ने कुख्यात कॉन्ट्रैक्ट किलर रफीक डब्बावाला का भी जिक्र किया, जिसने निर्देशक राकेश रोशन पर फायरिंग की थी। वहीं, हालिया ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' में दाऊद इब्राहिम को एक 'कमजोर' विलेन की तरह दिखाए जाने पर भी उन्होंने अपनी राय दी। प्रदीप शर्मा बोले, "फिल्म में दाऊद की जो हालत दिखाई गई है, असल जिंदगी में वह अब वैसा ही होगा। मैंने खुद उसके भाई इकबाल कासकर को ठाणे से गिरफ्तार किया था। आज के समय में मुंबई में दाऊद की सारी गतिविधियां पूरी तरह बंद हैं।"