जेपी नड्डा के सामने लोगों ने सांसद के खिलाफ किया था प्रदर्शन पश्चिमी यूपी की इस लोकसभा सीट पर भाजपा ने प्रत्याशी के नाम की नहीं की घोषणा
बुलंदशहर. भाजपा ने गुरुवार को लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश की 28 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के 6 वर्तमान सांसदों का टिकट काट दिया हैं। इनमें राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन राम शंकर कठेरिया व केंद्रीय मंत्री कृष्णा राज शामिल हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की संभल लोकसभा सीट से सांसद सतपाल सैनी का टिकट काट कर परमेश्वर सैनी को उम्मीदवार बनाया गया है। अभी भाजपा ने पश्चिमी उत्त्तर प्रदेश की बुलंदशहर, रामपुर, कैराना और नगीना लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं की है।
हालांकि बुलंदशहर, रामपुर और नगीना लोकसभा सीट पर दूसरे चरण 18 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि कैराना में 11 अप्रैल को। माना जा रहा है कि अभी कई और सीट पर भाजपा वर्तमान सांसदों का टिकट काट सकती है। सूत्रों की माने तो चर्चा है कि बुलंदशहर लोकसभा सीट से डॉ. भोला सिंह का टिकट भी खतरे में पड़ सकता है। भाोला सिंह बुलंदशहर लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद है। बता दें कि पिछले दिनों भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अतुल गर्ग बुलंदशहर आए थे। ये भाजपा कार्यालय पहुंचे और बंद कमरे में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मीटिंग की। बताया गया है कि उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी की जमीनी हकीकत जानी थी। जिले से प्रत्याशी का पूरा इतिहास टटोला था। भोला सिंह का विरोध कार्यकर्ता करतेे हुए आ रहे है।
मीटिंग के बाद जेपी नड्डा जब नोएडा के लिए रवाना हो रहे थे, उसी दौरान ऑफिस के बाहर डॉ भोला सिंह के खिलाफ नारेबाजी की गई। लोधी समाज पहले से ही डॉ. भोला सिंह को वोट न देने का ऐलान कर चुका है। लोधी समाज के लोगों का कहना है कि डॉ भोला सिंह सांसद बनने के बाद में जनता के बीच नहीं गए। गोद लिए गांव में ठीक से विकास नहीं कराया गया है। जिलेभर में डॉ भोला सिंह को कई बार विरोध का सामना भी करना पड़ा था। इस सीट पर छत्रपाल रघुवंशी व मीनाक्षी सिंह का भी नाम चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि विरोध के चलते डॉ. भोला सिंह का टिकट कट सकता है।