16 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बुलंदशहर में शोभायात्रा में युवक का मर्डर, भीड़ में घेरकर चाकुओं से गोदा, गांव से सैकड़ों लोग पहुंचे, इलाके में PAC तैनात

छठ भवानी की शोभायात्रा के बीच बुलंदशहर में शुक्रवार रात हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरा मोहल्ले में 21 वर्षीय हनी चौधरी पर हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के गांव मौसमगढ़ से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
less than 1 minute read
Google source verification
youth murdered in nishatpura in bhopal

बुलंदशहर में 21 साल के युवक की हत्या कर दी गई। छठ भवानी शोभायात्रा के दौरान हमलावरों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। उसके 2 साथियों से भी मारपीट की। घटना के बाद इलाके में तनाव है। भारी पुलिस फोर्स और PAC तैनात है।

भीड़ के बीच हमलावरों ने बनाया निशाना

वारदात शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा में हुई। यहां छठ भवानी की शोभायात्रा निकल रही थी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद थे। तभी भंगीवाली गली में अज्ञात हमलावरों ने हनी चौधरी को घेर लिया। उन्होंने ताबड़तोड़ चाकू मार दिए।

हनी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। हमलावरों ने उसके 2 साथियों को भी पीटा। वारदात के बाद शोभायात्रा में भगदड़ मच गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस हनी को अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौसमगढ़ से घटनास्थल तक पहुंच गए ग्रामीण

हनी कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मौसमगढ़ का रहने वाला था। वह गांव के पूर्व प्रधान लाला चौधरी का भतीजा था। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौसमगढ़ से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

स्थिति बिगड़ने की आशंका पर नगर कोतवाली समेत कई थानों की फोर्स और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। देवीपुरा और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और PAC लगाई गई है।

पुलिस ने बताया कि पुरानी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

खबर अपडेट की जा रही है...