
बूंदी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार व बुधवार को जिले के प्रवास पर रहेंगे। जहां बिरला खेल संकुल परिसर में बने अत्याधुनिक मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम व इंद्रगढ़ वृहद पेयजल परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत रेट्रोफिटिंग ऑफ चाकन बांध से इंद्रगढ़ वृहद पेयजल परियोजना आमजन को समर्पित होगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को इस परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके शुरू होने से जिले की इंद्रगढ़ तहसील के दो कस्बों, इंद्रगढ़ और सुमेरगंजमंडी सहित 49 गांवों को आजादी के बाद पहली बार सतही स्त्रोत से शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। परियोजना की लागत 48.43 करोड़ रुपए आई है। वर्तमान में 5,548 घर-घर जल कनेक्शन जारी हो चुके हैं। लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे इंद्रगढ़ और आसपास के गांवों के लिए यह योजना जीवनदायिनी साबित होगी। परियोजना के अंतर्गत 1.5 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला जल शोधन संयंत्र स्थापित किया गया
है। गुढ़ा और सुमेरगंजमंडी में स्वच्छ जलाशय और पंपहाउस का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही 6 उच्च जलाशय भी तैयार हो गए हैं। कुल 154.57 किलोमीटर पाइपलाइन में से 152.15 किलोमीटर बिछाई जा चुकी है।
छोटीकाशी को मिलेगी स्टेडियम की सौगात
बूंदी. जिले के खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों के बड़ी सौगात मिलने वाली है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को खेल संकुल परिसर में बने अत्याधुनिक मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। लगभग 7.30 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह स्टेडियम युवाओं को एक ही छत के नीचे अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराया जाएगा। नवनिर्मित हॉल में एक साथ वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस, हैंडबॉल, कुश्ती जैसी खेल गतिविधियां संचालित हो सकेगी। खास बात यह है कि बरसात के मौसम में भी खिलाडिय़ों की तैयारियां बाधित नहीं होंगी। इससे खिलाडिय़ों को नियमित अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में स्पीकर बिरला के प्रयासों से खेल संकुल को आधुनिक बनाने की स्वीकृति मिली थी। इंडोर स्टेडियम जैसे कार्यों को मंजूरी दी गई थी। जिनमें से अधिकांश कार्य अब पूरे हो चुके हैं।