बूंदी

Bundi : अब 21 साल के बाद ही बेरोजगार कर सकेंगे आवेदन, योजना का पोर्टल होगा जारी

आखिरकार चार साल बाद सरकार ने मुख्यमंत्री युवा संबल योजना (बेरोजगारी भत्ता) में भत्ता लेने वाले युवाओं का मानक तय कर दिए है। ऐसे में अब 21 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं को भत्ता देय होगा।

2 min read
May 02, 2026
बूंदी.जिला रोजगार कार्यालय।

बूंदी. आखिरकार चार साल बाद सरकार ने मुख्यमंत्री युवा संबल योजना (बेरोजगारी भत्ता) में भत्ता लेने वाले युवाओं का मानक तय कर दिए है। ऐसे में अब 21 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं को भत्ता देय होगा। इस योजना का पोर्टल लॉच होगा। मुख्यालय के आदेश मिलने के बाद विभाग में पोर्टल अपडेशन का कार्य चल रहा है। अब 21 साल वाले युवा ही आवेदन कर सकेंगे। हालांकि इससे पूर्व इस योजना में कोई न्यूनतम उम्र तय नहीं कर सिर्फ ग्रेज्युएशन व एक व्यवसायिक कौशल की डिग्री अनिवार्य थी। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग लोग इस योजना के तहत लाभ ले रहे थे, जिनके साथ सरकार ने कुठाराघात किया है। कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के आयुक्त ऋषभ मंडल ने इस संबंध में आदेश जारी किए है। प्रदेश के हजारों युवा इससे प्रभावित होंगे। इस योजना के तहत हालांकि करीब दो लाख युवाओं को भत्ता पहले की तरह मिलता रहेगा। इसके फायदे और नुकसान दोनों होंगे। इससे युवाओं की संख्या में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जिले में 2667 बेरोजगार युवा भत्ता ले रहे है।

यह मिलता है भत्ता
साल 2022 में इस योजना की शुरुआत हुई थी, जिसके तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 4000 रुपए और महिला, विशेष योग्यजन व ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को 4500 रुपए प्रतिमाह भत्ता दिया जाता है। चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में इंटर्नशिप भी करनी होती है। सरकार ने योजना का पुराना ईईएमएस 1.0 पोर्टल बंद कर दिया है। इसकी जगह नया 2.0 पोर्टल मई में लांच किया जाएगा। सरकार ने योजना के तहत नवंबर-दिसंबर 2025 तक की भत्ता राशि जारी कर दी है।

नए आवेदनों पर ही लागू होगा नियम
जानकारी के अनुसार, न्यूनतम आयु 21 वर्ष का नियम केवल नए आवेदकों पर लागू होगा, जो अभ्यर्थी पहले से योजना का लाभ ले रहे हैं, उन्हें निर्धारित अवधि यानी दो वर्ष तक भत्ता मिलता रहेगा। सामान्य वर्ग के लिए 30 वर्ष और एससी, एसटी, महिला, ट्रांसजेंडर व विशेष योग्यजन 35 वर्ष की उम्र तक भत्ते के हकदार होंगे।

18 से 21 वर्ष में हुए कई आवेदन
योजना के तहत पूर्व में 18 से 21 वर्ष तक की आयु के काफी संख्या में अलग-अलग जिलों में आवेदन प्राप्त हो रहे है,जिन्हें योग्यता के आधार पर बेराजगार नहीं माना जा सकता है। राज्य सरकार ने 21 वर्ष से कम आयु के शिक्षित युवाओं को ’वास्तविक बेरोजगार’ नहीं मानते हुए यह निर्णय लिया है। इस बदलाव से 21 वर्ष से अधिक आयु के बेरोजगारों के लिए भत्ता मिलने के अवसर बढ़ेंगे। जिले में करीब 400 से 500 युवा 18 से 21 वर्ष आयु के है। 18 वर्ष आयु वाले विक्रम और संजय ने बताया कि सरकार प्रोत्साहन दे रही थी,पढऩे में मदद मिल रही थी, जिससे अब छीना जा रहा है,जो गलत है।

अपडेशन का कार्य जारी
मुख्यमंत्री युवा संबल योजना में अब 21 साल वाले युवा ही आवेदन कर सकेंगे। फिलहाल अभी पोर्टल अपडेशन का कार्य चल रहा है। इसके बाद प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हो जाएगी।
भैरूप्रकाश नागर, जिला रोजगार अधिकारी,बूंदी

Published on:
02 May 2026 11:39 am
Also Read
View All