
नई दिल्ली : कोरोना के कहर से देश को बचाने के लिए भारत सरकार ने पूरे देश में लॉकडाउन घोषित कर दिया है। ऐसे में सबसे ज्यादा असर दैनिक मजदूरी पर काम करने वालों पर पड़ सकता है । क्योंकि सोशल डिस्टेंसिंग की जरूरत के बीच इन लोगों को भी घर पर बैठना पड़ रहा है। लेकिन 21 दिनों का ये पीरियड किसी भी गरीब के लिए बहुत बुरा हो सकता है। यही सोचकर आनंद महिन्द्रा ने ऐसे गरीबों की मदद के लिए अपील की है।
ट्वीट कर की मदद करने की अपील
आनंद महिन्द्रा ने अपने ट्वीट में सक्षम लोगों से 21 दिनों तक ऐसे कम से कम 3 गरीबों की राशन और जरूरी चीजों की जिम्मेदारी लेने की बात कही है। जो अपना खर्च नहीं उठा सकते हैं। आनंद का कहना है कि इसका असर जबरदस्त होगा । और ये covid-19 से अलग अच्छा वायरस होगा।
कोरोना मरीजों के लिए बना रहे हैं वेंटीलेटर-
आपको बता दें कि महिन्द्रा पहले उद्योगपति हैं जिन्होने कोरोना के खिलाफ जंग में उद्योगपतियों की तरफ से योगदान की शुरूआत की थी । उन्होने इसी सप्ताह कोरोना से जिन लोगों का आजीविका प्रभावित हुई है उनके लिए फंड बनाने की बात कही थी और इसमें उन्होने अपनी पूरी सैलरी का योगदान दिया है। इसके अलावा महिन्द्रा ने अपने महिन्द्रा हॉलीडे रीसॉर्ट का इस्तेमाल हॉस्पिटल की तरह करने का ऑफर देने के साथ-साथ महिन्द्रा प्लांट में वेंटीलेटर्स बनाने की बात कही है।
आनंद महिन्द्रा के बाद ही वेदांता रीसोर्सेज के अनिल अग्रवाल और रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भी कोरोना के खिलाफ अपने योगदानों की घोषणा की है। खैर आनंद महिन्द्रा की बात को कितने लोग मानेंगे ये कहना मुश्किल है लेकिन खबर लिखे जाने तक उनके ट्वीट को 21 हजार से ज्यादा लोग लाइक कर चुके थे। यानि लोगों को उनकी बात पसंद तो आ रही है।