कारोबार

FD Interest Rate: एफडी पर मिल रहा 7.25% तक का ब्याज, निवेश करने से पहले टैक्स के भी जान लें नियम

Fixed Deposit Comparison: 1 साल की FD पर सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक सबसे ज्यादा 7.25 फीसदी ब्याज दे रहा है। वहीं SBI, HDFC और PNB की ब्याज दर 6.25 फीसदी हैं।

2 min read
May 30, 2026
FD पर मिलने वाली ब्याज दरें अलग-अलग हैं। (PC: Freepik)

Fixed Deposit : अपनी बचत को बाजार जोखिम से बचाने और उस पर अच्छा रिटर्न पाने के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) सबसे भरोसेमंद ऑप्शन है। लेकिन अलग-अलग बैंकों जैसे कि स्मॉल फाइनेंस बैंक, सरकारी बैंक और प्राइवेट बैंक में FD पर मिलने वाली ब्याज दर अलग होती है। इसलिए FD करवाने से पहले सही बैंक चुनना सबसे ज्यादा जरूरी है।

ये भी पढ़ें

Sukanya Samriddhi Yojana: SSY स्कीम में बेटी की हायर एजुकेशन और शादी के लिए तैयार करें 50 लाख से ज्यादा का फंड, कितना करना होगा निवेश?

FD क्यों है भरोसेमंद ऑप्शन

FD की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पूंजी पूरी तरह सुरक्षित रहती है और साथ में तय ब्याज भी मिलता है। रेगुलर सेविंग अकाउंट के मुकाबले FD पर ब्याज दर हमेशा ज्यादा होती है। इसके अलावा अलग-अलग अवधि के लिए FD करवाने का विकल्प भी मिलता है।

एक साल की अवधि पर कौनसा बैंक दे रहा ज्यादा रिटर्न

नीचे दी गई लिस्ट से पता चलता है कि स्मॉल फाइनेंस बैंकों की ब्याज दरें सरकारी और प्राइवेट बैंकों के मुकाबले ज्यादा है।सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक 1 साल की FD पर 7.25 फीसदी ब्याज दे रहा है, जो इस लिस्ट में सबसे ज्यादा है। वहीं, SBI, HDFC बैंक, PNB और केनरा बैंक जैसे बड़े बैंक 6.25 फीसदी ब्याज दे रहे हैं।

बैंक का नामअवधि (Tenure)ब्याज दर
सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक1 साल7.25%
इंडसइंड बैंक1 साल से अधिक और 1.5 साल से कम6.75%
यस बैंक336 दिन से लेकर 12 महीने से कम तक6.66%
सिटी यूनियन बैंक365 दिन से 443 दिन तक6.65%
बैंक ऑफ इंडिया1 साल6.50%
SBI1 साल से 2 साल से कम6.25%
HDFC बैंक1 साल से 15 महीने से कम6.25%
पंजाब नेशनल बैंक1 साल6.25%
फेडरल बैंक1 साल6.25%
केनरा बैंक1 साल से 1 साल 3 महीने तक6.25%
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक181 दिन से 370 दिन तक6.00%
सोर्स: बैंकों की वेबसाइट

FD में निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, FD चुनते वक्त यह भी तय करना चाहिए कि आपको कितने समय के लिए पैसा लगाना है, क्योंकि हर बैंक में अलग-अलग अवधि पर ब्याज दरें अलग होती हैं। इस वक्त सिटी यूनियन बैंक 555 दिनों की FD पर सामान्य नागरिकों को 7.25 फीसदी ब्याज दे रहा है। वहीं, बात करें सीनियर सीटीजन के लिए तो ब्याज दर 7.50 फीसदी मिल रही है। इसके अलावा प्री-मेच्योर विड्रॉल की शर्तें, ऑटो-रिन्यूअल का ऑप्शन और सीनियर सिटीजन के लिए अतिरिक्त ब्याज की सुविधा भी जरूर चेक करें।

FD पर टैक्स के नियम

FD में निवेश किए गए मूलधन पर कोई ब्याज नहीं लगता, केवल उस पर मिलने वाला ब्याज टैक्स के दायरे में आता है। ब्याज से मिलने वाली राशि को आपकी कुल आय में गिना जाता है। इसलिए इस पर आपको टैक्स स्लैब के हिसाब से आयकर चुकाना पड़ता है। वहीं, अगर एक वित्त वर्ष में किसी बैंक से मिलने वाला एफडी ब्याज तय सीमा से अधिक हो जाती है, तो बैंक 10 फीसदी की दर से TDS (Tax Deducted at Source) भी काट सकता है। हालांकि, यदि आपकी कुल आय टैक्स के दायरे में नहीं आती है, तो आप बैंक में फॉर्म 15G या 15H जमा करके TDS कटने से बच सकते हैं।

ये भी पढ़ें

बैंक अकाउंट, शेयर या म्यूचुअल फंड में जमा पैसा भूल गए हैं? Unclaimed Assets Portal पर मिलेगी सारी जानकारी, जानें प्रोसेस
Published on:
30 May 2026 04:46 pm
Also Read
View All