कारोबार

Gold Silver Price Today: जापान से आई एक खबर और टूट गया सोना, चांदी भी हुई सस्ती, जानिए ताजा भाव

Gold Silver Price Today: बैंक ऑफ जापान ने ब्याज दरों को बढ़ा दिया है। इससे यह 1995 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। इससे सोने की कीमतों में गिरावट आई है।
2 min read
Dec 19, 2025
Gold Silver Price Today
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। (PC: Pexels)

Gold Silver Price Today: हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में सोना लाल निशान पर ट्रेड करता दिखा है। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोने का भाव 0.50 फीसदी या 670 रुपये की गिरावट के साथ 1,33,851 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया। सोने की कीमतों में इस गिरावट की वजह जापान से आई एक खबर है। जापान के केंद्रीय बैंक, बैंक ऑफ जापान ने प्रमुख ब्याज दर को 0.25 फीसदी बढ़ा दिया है। इससे यह 0.75 फीसदी पर पहुंच गयी है। यह सितंबर 1995 के बाद का सबसे उच्च स्तर है। अमेरिका में महंगाई में कमी ने भी कीमतों को प्रभावित किया है। अमेरिका में महंगाई के आंकड़े उम्मीद से कम रहे हैं।

चांदी में भी आई गिरावट

सोने के साथ ही चांदी की कीमत भी शुक्रवार को लाल निशान पर ट्रेड करती दिखी है। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स एक्सचेंज पर चांदी का भाव 0.19 फीसदी या 389 रुपये की गिरावट के साथ 2,03,176 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।

PC: Pexels

सोने का वैश्विक भाव

सोने की वैश्विक कीमतों में आज शुक्रवार सुबह गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोने का वैश्विक भाव 0.40 फीसदी या 17.60 डॉलर की गिरावट के साथ 4,346.90 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा है। वहीं, गोल्ड स्पॉट इस समय 0.29 फीसदी या 13.58 डॉलर की गिरावट के साथ 4,319 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा है।

चांदी का वैश्विक भाव

सोने के साथ ही चांदी की वैश्विक कीमतों में भी गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार सुबह कॉमेक्स पर चांदी का भाव 2.48 फीसदी या 0.07 डॉलर की गिरावट के साथ 65.15 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, सिल्वर स्पॉट इस समय 0.42 फीसदी या 0.28 डॉलर की गिरावट के साथ 65.19 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।

Updated on:
19 Dec 2025 10:22 am
Published on:
19 Dec 2025 10:22 am