
HCL Tech News: देश की दिग्गज आईटी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर (HCL Technologies Share Price) में मंगलवार को गिरावट देखी जा रही है। कारोबारी सत्र के दौरान दोपहर 2 बजकर 12 मिनट पर इसका शेयर 4.16 फीसदी या 50.80 रुपये की गिरावट के साथ 1170.40 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। दरअसल, कंपनी ने कल वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए थे, जिसके बाद आज शेयर में गिरावट देखी जा रही है। इसके साथ ही कंपनी ने एआई डेटा सेंटर के लिए 3,500 करोड़ रुपये के निवेश की योजना भी बनाई है।
पहली तिमाही के नतीजों के बाद कंपनी का शेयर आज गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है। इसके पीछे का मुख्य कारण कंपनी के कॉन्स्टेंट करेंसी रेवेन्यू में तिमाही आाधार पर 0.5 फीसदी की गिरावट है। इससे पता चलता है कि मुख्य कारोबार की ग्रोथ अभी भी कमजोर है। AI डेटा सेंटर बनाने के लिए किया जाने वाला निवेश भी कंपनी के लिए बड़ा खर्च है, जिससे आने वाले समय में मुनाफे पर दबाव पड़ सकता है। इसके अलावा मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर नए ऑर्डर्स पर दिखाई दे रहा है। इन वजहों से कई ब्रोकरेज फर्म्स अभी भी शेयर पर सतर्क रुख अपनाए हुए हैं। कोटक सिक्योरिटीज ने शेयर पर 'Reduce' रेटिंग बरकरार रखी है।
कंपनी ने जून तिमाही के लिए अपने नतीजों में बताया कि उसके कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 20.34 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 3,844 करोड़ रुपये था जो अब बढ़कर 4,626 करोड़ रुपये हो गया। वहीं बात करें, तिमाही आधार पर तो इसका प्रॉफिट 3 फीसदी बढ़ा है।
इसके साथ ही कंपनी के रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सालाना आधार पर कंपनी के रेवेन्यू में 14 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। पिछले साल यह 30,349 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 34,579 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि, कॉन्स्टेंट करेंसी रेवेन्यू में तिमाही आाधार पर 0.5 फीसदी की गिरावट आई है।
HCLTech ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटा सेंटर बिजनेस में बड़ा कदम उठाते हुए 3,500 करोड़ रुपये तक निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी ऐसे डेटा सेंटर बनाएगी जो AI से जुड़े भारी-भरकम कंप्यूटिंग कार्यों को संभाल सकें। HCLTech का लक्ष्य इस क्षमता को 50 मेगावाट (MW) तक बढ़ाना है, ताकि वह ग्राहकों को डेटा सेंटर, GPU, AI मॉडल, क्लाउड और एंटरप्राइज AI सेवाएं एक ही जगह से उपलब्ध करा सके। कंपनी का मानना है कि 2030 तक दुनिया में AI डेटा सेंटर की मांग लगभग तीन गुना हो जाएगी, जबकि भारत में डिजिटल अर्थव्यवस्था और डेटा लोकलाइजेशन के कारण इसकी मांग और तेजी से बढ़ेगी।
इस बड़े निवेश के साथ कंपनी ने पिछले तीन महीनों में 3,292 कर्मचारियों की छंटनी भी की है। इसके बाद कुल कर्मचारियों की संख्या 2,23,889 रह गई है। HCLTech का कहना है कि AI भविष्य में उसके लिए बड़ा ग्रोथ इंजन साबित होगा। इसी रणनीति के तहत कंपनी पहले ही Sarvam AI में 150 मिलियन डॉलर का निवेश कर चुकी है और OpenAI के साथ भी साझेदारी कर रही है।