कारोबार

Monthly Income के 30% के अंदर ही क्यों होनी चाहिए Home Loan की EMI? एक्सपर्ट्स से समझिए

Home Loan EMI: होम लोन लेते समय सिर्फ बैंक की मंजूरी पर भरोसा करना बड़ी गलती हो सकती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि EMI आपकी आय के 30% के आसपास रहनी चाहिए।

3 min read
Jun 04, 2026
Home Loan EMI
Home Loan की भारी-भरकम EMI आपको वित्तिय संकट में डाल सकती है। (PC: AI)

Home Loan EMI Tips: अपना घर खरीदना हर परिवार का सपना होता है। लेकिन कई बार यही सपना बाद में आर्थिक तनाव की वजह बन जाता है। लोग इस बात पर ज्यादा ध्यान देते हैं कि बैंक कितना बड़ा लोन देने को तैयार है, जबकि असली सवाल यह होना चाहिए कि ग्राहक हर महीने कितनी EMI आराम से चुका सकते हैं। बैंक होम लोन मंजूर करते समय आपकी आय, क्रेडिट स्कोर, पुराने लोन चुकाने का रिकॉर्ड और वित्तीय स्थिति को देखते हैं। लेकिन बैंक की मंजूरी इस बात की गारंटी नहीं होती कि वह लोन आपकी जेब के हिसाब से भी सही है।

बेसिक होम लोन के सीईओ अतुल मोंगा ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि घर खरीदना सिर्फ लोन मिलने तक की कहानी नहीं है। असली परीक्षा तो उसके बाद शुरू होती है, जब हर महीने EMI चुकानी होती है। अगर EMI बहुत ज्यादा हो गई, तो बचत, निवेश और भविष्य की दूसरी योजनाएं पटरी से उतर सकती हैं।

बैंक जितना दे रहा है, उतना लोन लेना जरूरी नहीं

कई लोग मान लेते हैं कि अगर बैंक ने किसी रकम तक लोन मंजूर कर दिया है, तो वह रकम उनके लिए सुरक्षित भी होगी। यही सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है। मान लीजिए अचानक मेडिकल खर्च आ जाए, नौकरी बदलनी पड़े या परिवार में कोई बड़ा खर्च सामने आ जाए। ऐसे हालात में भारी EMI आपकी वित्तीय स्थिति को मुश्किल में डाल सकती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिर्फ डाउन पेमेंट और EMI का फॉर्मूला देखना काफी नहीं है। घर खरीदने के बाद भी निवेश, इमरजेंसी फंड, बीमा और बच्चों की पढ़ाई जैसी जरूरतों के लिए पर्याप्त पैसा बचना चाहिए।

कितनी EMI को माना जाता है सेफ?

फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स आमतौर पर सलाह देते हैं कि होम लोन की EMI आपकी मासिक आय के 30 फीसदी के आसपास या उससे कम होनी चाहिए। यही वह दायरा है, जिसमें ज्यादातर लोग बिना ज्यादा दबाव के लोन चुका सकते हैं। अगर किसी व्यक्ति की मासिक आय 1 लाख रुपये है, तो उसकी EMI लगभग 25,000 से 30,000 रुपये के बीच रहे तो बेहतर माना जाता है। इस स्तर पर व्यक्ति के पास निवेश करने, इमरजेंसी फंड बनाने और रोजमर्रा के खर्चे पूरे करने की पर्याप्त गुंजाइश बनी रहती है।

आय के मुकाबले EMI का असर

इनकम की 30% या उससे कम EMI: यह सबसे आरामदायक स्थिति मानी जाती है। बचत, निवेश और अन्य वित्तीय लक्ष्यों पर ज्यादा असर नहीं पड़ता।

इनकम की 30% से 40% तक EMI: इसमें स्थिति संभाली जा सकती है, लेकिन इसके लिए बजट पर कड़ी नजर रखनी पड़ती है। फिजूलखर्ची की गुंजाइश कम हो जाती है।

इनकम की 40% से ज्यादा EMI: यहीं से परेशानी शुरू होती है। ऐसी स्थिति में बचत प्रभावित होती है और लंबे समय के वित्तीय लक्ष्य पीछे छूट सकते हैं।

होम लोन पर क्या हैं ब्याज दरें

बैंक का नामवेतनभोगी लोगों के लिए (न्यूनतम ब्याज दर % में)वेतनभोगी लोगों के लिए (अधिकतम ब्याज दर % में)स्वरोजगार वालों के लिए (न्यूनतम ब्याज दर % में)स्वरोजगार वालों के लिए (अधिकतम ब्याज दर % में)
इंडियन ओवरसीज बैंक7.108.107.208.20
SBI टर्म लोन7.258.457.258.45
जेएंडके बैंक7.758.457.758.45
इंडियन बैंक7.158.557.659.05
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया7.108.657.108.65
एक्सिस बैंक8.008.858.008.85
बैंक ऑफ बड़ौदा7.208.957.208.95
पंजाब नेशनल बैंक7.209.107.709.60
बैंक ऑफ महाराष्ट्र7.109.157.209.65
यूको बैंक7.159.257.159.25
इंडसइंड बैंक7.259.257.259.25
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया7.159.357.159.35
फेडरल बैंक7.309.507.309.50
आईसीआईसीआई बैंक8.509.658.509.80
बैंक ऑफ इंडिया7.1010.007.1010.00
केनरा बैंक7.1510.007.1510.00
आईडीबीआई बैंक7.3510.057.7011.55
करूर वैश्य बैंक8.5010.658.5010.65
पंजाब एंड सिंध बैंक7.3010.707.3010.70
धनलक्ष्मी बैंक8.2011.508.2011.50
यस बैंक9.0011.509.0011.50
डीसीबी बैंक9.7511.509.7514.50
कर्नाटक बैंक7.3111.697.3111.69

EMI के बाद कितना पैसा बचता है वह ज्यादा महत्वपूर्ण

भारत में कई बैंक और वित्तीय संस्थान आपकी कुल इनकम के 50-55 फीसदी तक की रकम के बराबर EMI वाले लोन मंजूर कर देते हैं। लेकिन मंजूरी मिल जाना ही काफी नहीं है। अगर होम लोन चुकाने के लिए आपको SIP बंद करनी पड़ रही है, बीमा खरीदने से बचना पड़ रहा है या हर महीने खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है, तो समझिए आपने जरूरत से ज्यादा कर्ज ले लिया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सही EMI कोई तय संख्या नहीं होती। यह हर व्यक्ति की आय, खर्च, जिम्मेदारियों और भविष्य की योजनाओं के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है।

आर्थिक स्थिति को दांव पर लगाकर न खरीदें घर

घर का मालिक बनना एक बड़ी उपलब्धि है। लेकिन अगर उसी के कारण आपकी बचत रुक जाए, निवेश ठप हो जाए और वित्तीय सुरक्षा कमजोर पड़ जाए, तो यह सौदा महंगा साबित हो सकता है। इसलिए होम लोन लेते समय सिर्फ यह मत देखिए कि बैंक कितना पैसा देने को तैयार है। यह देखिए कि आप कितनी EMI बिना तनाव के लंबे समय तक चुका सकते हैं।

Published on:
04 Jun 2026 04:00 pm