कारोबार

Kalyan Jewellers Share Price: 4 दिन में 50% उछला कल्याण ज्वैलर्स का शेयर, क्या अभी जारी रहेगी तेजी? जानिए एक्सपर्ट्स की राय

Kalyan Jewellers Shares Target Price: कल्याण ज्वैलर्स के शेयर में लगातार चौथे दिन तेजी रही। इससे शेयर पिछले चार दिनों में 50 फीसदी चढ़ चुका है। इस तेजी और बिजनेस अपडेट के बाद ब्रोकरेज फर्म ने शेयर में 'BUY' रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस 750 रुपये बताया है।
2 min read
Jul 13, 2026
Kalyan Jewellers Share
Kalyan Jewellers का शेयर बढ़त के साथ बंद हुआ है। (PC: AI)

Kalyan Jewellers Share Return: कल्याण ज्वैलर्स का शेयर आज कारोबारी सत्र के दौरान 12 फीसदी तक उछल गया। हालांकि, इसके बाद शेयर में मुनाफावसूली दिखाई दी और यह 7.27 फीसदी की बढ़त के साथ 510.85 रुपये पर बंद हुआ। यह लगातार चौथा कारोबारी सत्र है, जब शेयर में तेजी देखने को मिली। इस तरह चार सत्रों में यह शेयर करीब 50 फीसदी चढ़ चुका है। वहीं, जुलाई में अब तक इसमें 36 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है, जबकि जून महीने में भी शेयर लगभग 9 फीसदी मजबूत हुआ था।

52 सप्ताह के निचले स्तर से 62% ऊपर

आज के कारोबारी सत्र में इस शेयर ने 531.80 रुपये का उच्च स्तर बनाया। इससे पहले कंपनी का शेयर 11 जून को 327.15 रुपये के 52 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंचा था। आज शेयर का जो उच्च स्तर है, वह इस शेयर के 52 वीक लो से करीब 62 फीसदी ऊपर है। हालांकि, यह अभी भी 24 जुलाई 2025 को बने अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर 617.30 रुपये से 14 फीसदी नीचे है।

मजबूत बिजनेस अपडेट ने दिलाई बढ़त

कंपनी ने 7 जुलाई को जारी अपने पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के बिजनेस अपडेट में बताया था कि उसके कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में सालाना आधार पर करीब 38 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय कारोबार से आय में भी लगभग 35 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, अपडेट वाले दिन शेयर करीब 7 फीसदी गिर गया था, लेकिन अगले ही कारोबारी सत्र से इसमें फिर तेजी शुरू हो गई।

Citi ने दी 'BUY' रेटिंग

ग्लोबल फाइनेंशियल फर्म सिटी (Citi) ने इस स्टॉक पर अपनी राय लॉन्ग-टर्म के लिए पॉजिटिव रखी है। ब्रोकरेज फर्म ने कल्याण ज्वैलर्स के शेयरों पर अपनी 'BUY' रेटिंग बरकरार रखी है और प्रति शेयर टारगेट प्राइस 750 रुपये बताया है। इसके साथ ही फर्म को उम्मीद है कि कल्याण ज्वैलर्स की फ्रेंचाइजी आधारित विस्तार रणनीति मुनाफे के साथ ग्रोथ को सपोर्ट करती रहेगी और साथ ही रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड (RoCE) में भी सुधार लाएगी।

क्या शेयर में और तेजी आएगी?

आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स के इक्विटी टेक्निकल रिसर्च जिगर एस. पटेल के अनुसार, कई महीनों तक सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद शेयर ने मजबूत ब्रेकआउट दिया है। उनके मुताबिक जब तक शेयर 490 से 500 रुपये के ऊपर बना रहता है, तब तक तेजी का रुख कायम रह सकता है। फिलहाल 560 रुपये पहला रेजिस्टेंस है और इसके ऊपर निकलने पर शेयर 600 से 620 रुपये तक पहुंच सकता है।

Updated on:
13 Jul 2026 04:33 pm
Published on:
13 Jul 2026 04:33 pm