कारोबार

Post Office RD: हर महीने 10,000 रुपये आरडी में जमा करें, तो 10 साल बाद कितना मिलेगा रिटर्न? समझिए कैलकुलेशन

RD Calculator: आरडी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें निवेश अनुशासित तरीके से होता है। हर महीने तय रकम जमा करने की आदत बनती है और धीरे-धीरे अच्छा फंड तैयार हो जाता है। साथ ही निवेशक को पहले से पता रहता है कि मैच्योरिटी पर कितनी रकम मिलने की संभावना है।
2 min read
Jun 26, 2026
Post Office RD
Post Office RD में 100 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं। (PC: Pixabay)

Post Office RD Vs SBI RD: अगर आप बिना जोखिम के हर महीने थोड़ी-थोड़ी बचत करके बड़ा फंड बनाना चाहते हैं, तो रिकरिंग डिपॉजिट (RD) आज भी सबसे भरोसेमंद विकल्पों में गिना जाता है। लेकिन सवाल यह है कि पोस्ट ऑफिस RD बेहतर है या SBI RD? दोनों में हर महीने 10,000 रुपये जमा करने पर 10 साल बाद किस स्कीम से ज्यादा रकम मिलेगी? आइए जानते हैं कि मौजूदा ब्याज दरों के आधार पर कहां ज्यादा रिटर्न मिलेगा।

पोस्ट ऑफिस RD में है ज्यादा ब्याज दर

अगर आप 10 साल तक हर महीने आरडी में 10,000 रुपये जमा करते हैं, तो इस दौरान आपका कुल निवेश 12 लाख रुपये होगा। अब सारा खेल ब्याज दर का है। जहां ज्यादा रेट वहां ज्यादा रिटर्न। मौजूदा दरों के मुताबिक पोस्ट ऑफिस RD पर सालाना 6.7 फीसदी ब्याज मिल रहा है। जबकि SBI RD पर 6.05 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है। यही अंतर आखिर में मिलने वाली रकम को भी बदल देता है।

मैच्योरिटी पर कितनी मिलेगी रकम

अगर यह निवेश पोस्ट ऑफिस RD में किया जाए तो 10 साल बाद करीब 17.09 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं, SBI RD में यह रकम करीब 16.49 लाख रुपये होगी। यानी पोस्ट ऑफिस RD चुनने पर निवेशक को लगभग 59,765 रुपये ज्यादा मिल सकते हैं। हालांकि, यह गणना मौजूदा ब्याज दरों के आधार पर की गई है। भविष्य में यदि पोस्ट ऑफिस या SBI ब्याज दरों में बदलाव करते हैं, तो मैच्योरिटी राशि भी बदल सकती है।

विवरणपोस्ट ऑफिस RDएसबीआई RD
मासिक निवेश₹10,000₹10,000
निवेश अवधि10 साल10 साल
कुल निवेश₹12,00,000₹12,00,000
ब्याज दर6.70%6.05%
कुल ब्याज₹5,08,546₹4,48,781
मैच्योरिटी राशि₹17,08,546₹16,48,781

क्या होती है आरडी?

रिकरिंग डिपॉजिट यानी RD ऐसी बचत योजना है जिसमें निवेशक हर महीने एक तय रकम जमा करता है। खाते की शुरुआत में ही ब्याज दर तय हो जाती है, इसलिए बाजार में उतार-चढ़ाव का इस पर कोई असर नहीं पड़ता। यही वजह है कि यह उन लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है जो सुरक्षित और निश्चित रिटर्न चाहते हैं।

सिर्फ 100 रुपये से हो जाएगी शुरुआत

पोस्ट ऑफिस में सिर्फ 100 रुपये महीने से RD खाता खोला जा सकता है। इसमें निवेश की कोई अधिकतम सीमा तय नहीं है। अगर कोई व्यक्ति समय से पहले खाता बंद करना चाहता है तो तीन साल पूरे होने के बाद ऐसा कर सकता है। हालांकि, समय से पहले खाता बंद करने पर नियमों के अनुसार कम ब्याज मिल सकता है।

SBI RD में क्या हैं नियम

एसबीआई में भी आरडी खाता 100 रुपये महीने जमा करने से शुरू किया जा सकता है। लेकिन अगर लगातार 6 किस्तें जमा नहीं की जाती हैं, तो बैंक खाता समय से पहले बंद कर सकता है और उपलब्ध राशि निवेशक को लौटा दी जाती है। बैंक के नियमों के मुताबिक पांच साल तक की अवधि वाले आरडी खाते में किस्त देर से जमा करने पर हर 100 रुपये पर प्रति माह 1.50 रुपये का जुर्माना लगता है। वहीं पांच साल से अधिक अवधि वाली आरडी में यह शुल्क 2 रुपये प्रति 100 रुपये प्रति माह है। हालांकि, कुल पेनल्टी खाते पर मिलने वाले ब्याज से ज्यादा नहीं हो सकती।

Published on:
26 Jun 2026 11:08 pm