कारोबार

सचिन तेंदुलकर ने लगाया था 5 करोड़ का दांव, करोड़ों में पहुंच गई कंपनी की वैल्यू, निवेशकों की हुई चांदी

Sachin Tendulkar 5 Crore Investment: आजाद इंजीनियरिंग के शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। कंपनी में 5 करोड़ रुपये का निवेश करने वाले Sachin Tendulkar फिर चर्चा में हैं। शेयर में तेजी से निवेशकों को भी शानदार रिटर्न मिला है।
2 min read
Jul 09, 2026
Sachin Tendulkar suggestion change the ipl rules
भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर। (photo-patrika)

Sachin Tendulkar Investment: शेयर बाजार में आजाद इंजीनियरिंग के शेयरों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। कंपनी का शेयर 10 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ अपने ऑल टाइम हाई 2,476.45 रुपये पर पहुंच गया। इस तेजी के बाद एक बार फिर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का निवेश चर्चा में आ गया है। सचिन ने प्री-आईपीओ चरण में कंपनी में 5 करोड़ रुपये का निवेश किया था, जिसकी वैल्यू लिस्टिंग के पहले ही दिन 30 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई थी।

5 करोड़ रुपये लगाकर खरीदी थी हिस्सेदारी

सचिन तेंदुलकर ने 6 मार्च 2023 को प्री-आईपीओ में आजाद इंजीनियरिंग में 5 करोड़ रुपये का निवेश किया था। बाद में कंपनी ने शेयर स्प्लिट और बोनस शेयर जारी किए, जिसके बाद उनके लिए एक शेयर की लागत 114.10 रुपये रह गई। उस समय उनके पास कंपनी के 4,38,210 शेयर थे।

कंपनी के शेयर 28 दिसंबर 2023 को एनएसई पर 720 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुए थे। लिस्टिंग के पहले ही दिन सचिन तेंदुलकर के 5 करोड़ रुपये की वैल्यू बढ़कर 31.55 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई थी। अब 9 जुलाई 2026 को शेयर 2,476.45 रुपये तक पहुंच गया है।

दूसरे खिलाड़ियों ने भी लगाया था पैसा

आजाद इंजीनियरिंग में सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही नहीं, बल्कि वीवीएस लक्ष्मण, साइना नेहवाल और पीवी सिंधु ने भी निवेश किया था। तीनों खिलाड़ियों ने कंपनी में 1-1 करोड़ रुपये लगाए थे। उन्होंने 11 मार्च 2023 को कंपनी के 43,800 शेयर खरीदे थे। उनके लिए एक शेयर की कीमत 228.17 रुपये पड़ी थी। बताया गया है कि कंपनी की लिस्टिंग के दिन इन तीनों निवेशकों को भी अच्छा मुनाफा हुआ था। यह जानकारी इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में दी गई है।

लगातार मजबूत प्रदर्शन से बढ़ी कंपनी की वैल्यू

हेवी इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी आजाद इंजीनियरिंग के शेयरों में लगातार खरीदारी देखने को मिल रही है। बीते तीन महीनों में शेयर में 47 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई है। इसी तेजी के दम पर कंपनी का मार्केट कैप 16,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है।

आईपीओ को भी मिला था शानदार रिस्पॉन्स

आजाद इंजीनियरिंग का आईपीओ 20 दिसंबर 2023 को खुला था और 23 दिसंबर तक निवेशकों के लिए खुला रहा। कंपनी ने आईपीओ में एक शेयर की कीमत 524 रुपये तय की थी। इस इश्यू को निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला और यह कुल 80.65 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, रिटेल निवेशकों की श्रेणी में आईपीओ को 23.79 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। आज कंपनी का शेयर अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचकर एक बार फिर निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।



Updated on:
09 Jul 2026 09:59 pm
Published on:
09 Jul 2026 09:33 pm