कारोबार

Share Market की सुस्त शुरुआत, IT स्टॉक्स लुढ़के, फार्मा शेयरों में देखी जा रही तेजी

Stock Market Update: भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को शुरुआती कोरोबार में धीमी शुरुआत की है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही बेंचमार्क में गिरावट देखी गई है।
2 min read
Jun 29, 2026
Share Market News
Share Market: शेयर बाजार में गिरावट देखी जा रही है। (Source-AI)

Share Market On 29th June 2026: भारतीय शेयर बाजार ने मामूली गिरावट के साथ शुरुआत की। अमेरिका द्वारा वीकेंड पर ईरान के मिलिट्री ठिकानों पर हमले किए गए, जिससे मिडिल ईस्ट में फिर से तनाव बढ़ने की आशंका गहरा गई है। इसी कारण ग्लोबल मार्केट में भी इसका असर देखने को मिला। निक्की 0.75 फीसदी और कोस्पी 1.14 फीसदी की गिरावट के साथ ट्रेड करते दिखाई दिए।

गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार

सेंसेक्स की शुरुआत 45 अंकों की गिरावट के साथ हुई। लेकिन शुरुआती कारोबार में ही गिरावट बढ़कर 104 अंक यानी करीब 0.14 फीसदी पर पहुंच गई है। वहीं, निफ्टी-50 में 14 अंकों की मामूली गिरावट देखने को मिली। बात करें, भारतीय रुपये की तो यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 4 पैसे मजबूत होकर 94.36 पर खुला, जबकि गुरुवार को यह 94.40 पर बंद हुआ था।

बीएसई सेंसेक्स के 30 प्रमुख शेयरों में से 13 में गिरावट देखी जा रही है। इनमें से कोटक बैंक के शेयर 3 फीसदी के साथ सबसे ज्यादा गिरावट वाला शेयर बना।

आईटी शेयरों में आई गिरावट

सेक्टोरल सूचकांकों की बात करें, तो मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम सेक्टर में 1.74 फीसदी की गिरावट आई। इसके साथ ही निफ्टी मिडिया और निफ्टी आईटी में 1.05 और 1.08 फीसदी की गिरावट देखी गई है। सेक्टोरल सूचकांकों में सबसे अधिक तेजी निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर दोनों में 1.78 फीसदी देखी गई। इसके साथ ही निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर ने 1.24 फीसदी की बढ़त बनाई है।

डॉ. रेड्डीज का शेयर करीब 5% उछला

निफ्टी हेल्थकेयर में मजबूत प्रदर्शन करने वाले शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी डॉ. रेड्डीज लैबोरेट्रीज के शेयर में दिखी। इसके शेयर ने 4.64 फीसदी यानी कि 62.60 रुपये की बढ़त बनाई। इसके बाद सिप्ला के शेयर में 3.31 फीसदी यानी की 47.60 रुपये की बढत देखने को मिली। इनके अलावा आईपीसीए लैबोरेट्रीज, मैक्स हेल्थकेयर और ग्लेनमार्क फार्मा में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई।

कोटक महिंद्रा बैंक में आई 3% की गिरावट

कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO अशोक वासवानी ने कहा कि वे अपने मौजूदा कार्यकाल के खत्म होने के बाद दोबारा नियुक्ति नहीं चाहते। इसके बाद बैंक के शेयर में 3 फीसदी की गिरावट आई और इसके शेयर की कीमत टूटकर 396.25 रुपये पर आ गई। हालांकि, गिरावट के बाद भी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा और जेफरीज ने इस स्टॉक पर अपनी बाय रेटिंग बरकरार रखी है।

Updated on:
29 Jun 2026 11:44 am
Published on:
29 Jun 2026 09:59 am