
Tata Consultancy Services Result: देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विस कंपनी टीसीएस ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही का रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी को पहली तिमाही में समेकित शुद्ध मुनाफे में 5 फीसदी का सालाना इजाफा हुआ है। इससे यह 13,349 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में यह 12,760 करोड़ रुपये रहा था। यह मार्च 2026 तिमाही में 13,718 करोड़ रुपये था। इस तरह तिमाही आधार पर मुनाफे में 2.7 फीसदी की गिरावट आई है। साथ ही कंपनी के बोर्ड ने अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
टीसीएस का पहली तिमाही में परिचालन से राजस्व सालाना आधार पर 14 फीसदी बढ़कर 72,275 करोड़ रुपये रहा है। यह एक साल पहली समान अवधि में 63,437 करोड़ रुपये था। वहीं, मार्च 2026 तिमाही में यह 70,698 करोड़ रुपये था। इस तरह तिमाही दर तिमाही आधार पर इसमें सिर्फ 2.2 फीसदी का इजाफा हुआ है।
टीसीएस के बोर्ड ने अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है। निवेशकों को वित्त वर्ष 2027 के लिए 12 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया जाएगा। डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 15 जुलाई तय की गई है।
कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन 24 फीसदी पर रहा। वहीं, नेट मार्जिन19.2 फीसदी रहा। जून तिमाही में कंपनी की ऑर्डर बुक 9.5 अरब डॉलर की रही। इसमें 800 मिलियन डॉलर की SKF के साथ एआई ट्रांसफॉर्मेशन डील भी शामिल है। टीसीएस ने कहा कि उसकी सालाना एआई रेवेन्यू रन रेट पहली तिमाही में 2.6 अरब डॉलर पर पहुंच गयी है। यह तिमाही दर तिमाही आधार पर 13.6 फीसदी की ग्रोथ है।
रिजल्ट जारी होने से पहले आज टीसीएस का शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई पर कंपनी का शेयर 0.52 फीसदी या 10.80 रुपये की गिरावट के साथ 2047.75 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर का 52 वीक हाई 3,416.60 रुपये है। वहीं, 52 वीक लो 1976 रुपये है।