
IT Stocks Fall: भारतीय शेयर बाजार आज बुधवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में भी मंदी देखी गई। बीएसई सेंसेक्स आज 473 अंक की गिरावट के साथ 76,471.32 पर खुला। शुरुआती कारोबार में 9 बजकर 28 मिनट पर यह 0.87 फीसदी या 671 अंक की गिरावट के साथ 76,272 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। इस समय सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में से 29 शेयर लाल निशान पर और 1 शेयर हरे निशान पर ट्रेड करता दिखा। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी इस समय 0.96 फीसदी या 227 अंक की गिरावट के साथ 23,831 पर ट्रेड करता दिखा।
सेक्टोरल सूचकांकों की बात करें, तो सुबह 9 बजकर 31 मिनट पर निफ्टी आईटी में 2.53 फीसदी, निफ्टी ऑटो में 2.11 फीसदी और निफ्टी रियल्टी में 2.34 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा, निफ्टी कंज्यूमर ड्यबरेबल्स में 1.23 फीसदी, निफ्टी सीमेंट में 1.60 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेस 25/50 में 1.06 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 1.11 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 1.48 फीसदी और निफ्टी मेटल में 1.16 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
अमेरिका-ईरान युद्ध से जुड़ी चिंताओं के चलते एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखने को मिली है। साउथ कोरिया का सूचकांक कोस्पी 2.87 फीसदी गिर गया। MSCI Asia Pacific इंडेक्स 1 फीसदी गिरा। जापान का निक्की 225 1.60 फीसदी गिर गया। S&P/ASX 200 इंडेक्स में 1.09 फीसदी और Topix में 1.44 फीसदी की गिरावट दिखी।
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध एक बार फिर बढ़ गया है। दोनों देशों के बीच रातभर हमले हुए हैं। इससे मिडिल ईस्ट में जारी इस युद्ध के जल्द खत्म होने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। अमेरिका ने कहा कि उसने ईरान में कई ठिकानों पर हवाई हमले किए है। वहीं, ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि अमेरिकी हमलों के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आवाजाही और सीमित हो सकती है। इससे ऑयल सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
IRGC ने यह भी दावा किया है कि उसने जॉर्डन स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। इस हमले में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने की बात कही गई है। ईरानी सरकारी मीडिया का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में बहरीन स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किये गए।
2. 95 डॉलर के पार पहुंचा क्रूड ऑयल
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। अमेरिका-ईरान के बीच तनाव बढ़ने से कच्चा तेल 95 डॉलर के पार पहुंच गया है। बुधवार सुबह ब्रेंट क्रूड 0.82 फीसदी या 0.78 डॉलर की बढ़त के साथ 95.43 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, WTI क्रूड इस समय 0.51 फीसदी या 0.46 डॉलर की बढ़त के साथ 90.68 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)