1 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ather Energy के शेयर ने इस साल कमाई के मामले में Tesla और BYD को भी पीछे छोड़ा, लिस्टिंग के बाद से अब तक दिया 440% रिटर्न

Ather Energy Stock Target Price: एथर एनर्जी का शेयर 2026 में करीब 130 फीसदी चढ़ चुका है और लिस्टिंग के बाद करीब 440 फीसदी का रिटर्न दे चुका है। विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी और नए इलेक्ट्रिक स्कूटर से कंपनी की बाजार हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Sep 01, 2026

Ather Energy

Ather Energy के शेयर ने इस साल काफी अच्छा रिटर्न दिया है। (फोटो: AI)

Ather Energy Share Price: भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एथर एनर्जी ने इस साल निवेशकों को काफी अच्छा रिटर्न दिया है। कंपनी का शेयर 2026 में अब तक करीब 130 फीसदी चढ़ चुका है। खास बात यह है कि जहां दुनिया की कई बड़ी EV कंपनियों के शेयर दबाव में हैं, वहीं एथर का स्टॉक लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। सोमवार को ग्लोबल निवेशक ब्लैकरॉक ग्लोबल फंड्स ने भी ओपन मार्केट में एथर एनर्जी की 1 फीसदी से कम हिस्सेदारी खरीदी। इससे कंपनी के शेयर को लेकर विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इसके मुकाबले ईवी से जुड़ी 104 कंपनियों के प्रदर्शन को ट्रैक करने वाला ब्लूमबर्ग इंडेक्स इस साल करीब 1 फीसदी नीचे है। Tesla, BYD और Xiaomi जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में कमजोरी ने इस इंडेक्स पर दबाव बनाया है। मंगलवार को एनएसई पर एथर एनर्जी का शेयर 0.46 फीसदी बढ़कर 1725.60 रुपये पर बंद हुआ है।

लिस्टिंग के बाद 440% का रिटर्न

एथर एनर्जी के शेयर ने मई 2025 में IPO के जरिए शेयर बाजार में एंट्री की थी। तब से अब तक कंपनी के शेयर में करीब 440 फीसदी की तेजी आ चुकी है। पिछले महीने भी एथर का शेयर 36 फीसदी से ज्यादा चढ़ा। यह मई 2025 में आईपीओ आने के बाद किसी एक महीने में कंपनी की सबसे बड़ी तेजी रही। 300 मिलियन डॉलर या उससे ज्यादा रकम जुटाकर पिछले पांच साल में आईपीओ लाने वाली कंपनियों में एथर का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा है। इतनी तेज बढ़त के बावजूद बाजार के जानकारों का भरोसा कंपनी पर बना हुआ है।

14 में से सभी एनालिस्ट ने दी खरीदारी की सलाह

ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक एथर को कवर करने वाले सभी 14 एनालिस्ट शेयर खरीदने की सलाह दे रहे हैं। यानी फिलहाल किसी भी एनालिस्ट ने स्टॉक को बेचने की राय नहीं दी है। एक्सिस कैपिटल को उम्मीद है कि एथर का शेयर 2,100 रुपये तक पहुंच सकता है। यह सोमवार के बंद भाव से करीब 22 फीसदी ज्यादा है। एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेस का अनुमान इससे भी ज्यादा उत्साह बढ़ाने वाला है। ब्रोकरेज के मुताबिक वित्त वर्ष 2028 तक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एथर की हिस्सेदारी बढ़कर 26 फीसदी हो सकती है। मार्च के अंत में यह करीब 17 फीसदी थी।

कंपनी लायी है नया स्कूटर

एथर की बढ़ती बाजार हिस्सेदारी के पीछे कंपनी के नए मॉडल और अपनी तकनीक पर पकड़ को अहम माना जा रहा है। कंपनी ने हाल ही में Konarc नाम का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश किया है। यह स्कूटर कंपनी द्वारा विकसित EV आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है और इसे बड़े यानी मास मार्केट को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कंपनी की रणनीति साफ है, ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचना और घरेलू प्रतिद्वंद्वी Ola Electric को कड़ी टक्कर देना। नोमुरा होल्डिंग्स के एनालिस्ट्स का मानना है कि Konarc जैसे नए मॉडल के जरिए एथर के लिए संभावित ग्राहक बाजार लगभग दोगुना हो सकता है।

भारत में EV बाजार के बड़े मौके पर नजर

नोमुरा के एनालिस्ट्स के मुताबिक भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने का दौर अब एक अहम मोड़ पर पहुंच रहा है। ऐसे में एथर को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में लंबी अवधि के लिहाज से मजबूत कंपनियों में गिना जा सकता है। एथर को हीरो मोटोकॉर्प का भी समर्थन हासिल है। कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर डिजाइन और बनाने के साथ उनकी सर्विसिंग करती है। इसके अलावा उसका अपना चार्जिंग नेटवर्क भी है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)