
नई दिल्ली: Hyundai की सब कॉम्पैक्ट सेडान Hyundai Aura का लंबे समय से इंतजार हो रहा है। 21 जनवरी को लॉन्च हो रही इस कार के बारे में वैसे तो कई सारी बाते सामने आ चुकी है लेकिन कंपनी ने इसकी कीमत को लेकर अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है।हालांकि 10000 रुपए के टोकन अमाउंट के साथ इस कार की बुकिंग शुरू हो चुकी है, लेकिन अब इस कार की कीमत के बारे में भी कुछ जानकारी लीक हुई है। लेकिन ये कीमत कितनी सही है इसका पता सिर्फ कार की लॉन्चिंग के वक्त ही हो सकेगा। खैर चलिए आपको बताते हैं ताकि आप अगर सब-4 मीटर सेडान लेने की प्लानिंग कर रहे हैं तो इस कार की कीमत के हिसाब से बजट बना सकते हैं।
संभावित कीमत- हुंडई ऑरा (Hyundai Aura) ई (E), एस (S), एसएक्स (SX), एसएक्स+ (SX+) और एसएक्स (ओ) SX(O) जैसे पांच वेरिएंट में उपलब्ध होगी। इसके बेस वेरिएंट की कीमत 5.80 लाख रुपये से शुरू होगी और इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 8.90 लाख रुपये से शुरू होगी। फिलहाल इस पर आधिकारिक रूप से अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता लेकिन इतना तय है कि कीमत इसी रेंज में होगी ।
इंटीरियर- इस कार के इंटीरियर के बारे में भी कंपनी ने कोई खुलासा नहीं किया है। Aura में 8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम है जिसमे ऐपल कार प्ले और एंड्राइड ऑटो मिलता है। वायरलेस चार्जर, प्रोजेक्टर हेड-फॉग लैम्प्स, रियर व्यू मॉनिटर जैसे फीचर्स मिलते हैं।
इंजन- Aura तीन इंजन ऑप्शन में आएगी, इसके तीनों इंजन बीएस6 एमिशन नॉर्म्स के अनुरूप होंगे। इन तीनों इंजन में से 2 पेट्रोल और 1 डीजल ऑप्शन में होगा। 1.2 लीटर MPI पेट्रोल इंजन करीब 82 bhp की पावर और 11.6 kgm का टॉर्क देता है। 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ कंपनी फैक्ट्री फिट CNG किट भी दे रही है। 1.2 लीटर ईकोटॉर्क डीजल इंजन करीब 74 bhp की पावर और 19.4 kgm का टॉर्क देता है। कंपनी दोनों ही इंजन के साथ 5 स्पीड मैनुअल के अलावा AMT ट्रांसमिशन भी ऑफर कर रही है।
इसके अलावा एक इंजन स्पोर्टी ड्राइव के शौकीनों के लिए है। 1.0 लीटर का टर्बोचार्ज्ड इंजन कंपनी ने अपनी कार hyundai Venue में भी इस्तेमाल किया था। यह इंजन करीब 99 bhp की पावर और 17.5 kgm का टॉर्क देता है। इस इंजन के साथ सिर्फ मैनुअल ट्रांसमिशन मिलेगा।
मिलेगी 5 साल की वारंटी- कार के साथ कंपनी 1 लाख किलोमीटर या 5 साल की वारंटी का विकल्प है।
इन कारों से होगा मुकाबला- मारुति डिजायर ( maruti dzire), होंडा अमेज ( honda amaze ), फॉर्ड एस्पायर और टाटा टिगोर जैसी कारों को टक्कर देगी।