अतुल पोरवाल
उज्जैन.
देश-दुनिया में ऑटोमोबाइल मार्केट तेजी से बदल रहा है। इस बदलाव में ई-व्हीकल (ईवी) सबसे अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसी वल्र्ड ट्रेंड को उज्जैन भी तेजी से फॉलो कर रहा है। ई-व्हीकल की शहर में तेजी से डिमांड बढ़ रही है। इसी का असर है कि महज एक साल में ही ईवी की बिक्री में तीन गुना का उछाल आया है। इतना ही नहीं, गत पांच साल के आंकड़ों पर गौर करें तो इस समयावधि में ई-व्हीकल की संख्या में 10 गुना उछाल आया है। 2018 में शहर में जहां 86 ई-व्हीकल रजिटर्ड थे, जो 2022 में बढ़कर 859 हो गए हैं।
भारत में वैसे तो ई-व्हीकल 15 वर्षों से चल रही हैं, लेकिन तीन वर्षों के दौरान लोगों में इसका आकर्षण बढ़ा है। इसके प्रति रुझान बढऩे के पीछे विशेषज्ञों का कहना है, ई-व्हीकल की कीमतें पहले के मुकाबले आकर्षक हुई हैं। आम लोग खासकर महिलाओं के साथ युवा वर्ग में क्रेज बढ़ा है। इलेक्ट्रिक स्कूटर, बाइक और कार का खर्च पेट्रोल-डीजल वाहनों के मुकाबले बहुत किफायती है। मेंटेनेंस खर्च भी कम है। साथ ही प्रदूषण कम करने में तो सहायक है ही। शहरवासी भी इसी कारण अब ई-व्हीकल ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
घट रहे सीएनजी, रफ्तार पकड़ रही ई-व्हीकल
शहर के ऑटोमोबाइल्स ट्रेंड को देखें तो ई-व्हीकल रफ्तार पकड़ रहे हैं, वहीं सीएनजी वाहनों की गति कमजोर पड़ी है। शहर में करीब डेढ़ लाख वाहन रजिस्टर्ड हैं, जिनमें 2154 ही ई-व्हीकल हैं। लेकिन पांच साल में ई-व्हीकल दस गुना बढ़ गए हैं। कम रजिस्ट्रेशन के पीछे आरटीओ संतोष कुमार मालवीय का तर्क है, ई-व्हीकल का पंजीयन जरूरी है। बावजूद इसके सड़कों पर आधी से ज्यादा गाडिय़ां बगैर रजिस्ट्रेशन के दौड़ रही हैं। यह लापरवाही हो सकती है और जानकारी का अभाव भी। यानी ई-व्हीकल का वास्तविक आंकड़ा दोगुना होगा।
ईवी-सीएनजी वाहन रजिस्ट्रेशन
वर्ष सीएनजी ईवी
2018 517 86
2019 597 132
2020 129 72
2021 55 311
2022 11 859
(17 नवंबर तक के आंकड़े आरटीओ से प्राप्त)
शहर में बढ़ रहे ई-स्कूटर
शहर में ई-व्हीकल की स्थिति देखें तो सबसे ज्यादा संख्या सवारी ई-रिक्शा की है। इसके बाद ई-स्कूटर की तरफ लोगों का रुझान है। हालांकि ई-कार की संख्या अभी कम है, लेकिन आगामी वर्षों में इनकी संख्या में भी इजाफा होगा।
उज्जैन में कुल रजिस्टर्ड ई-व्हीकल
लोडिंग ऑटो रिक्शा 1
सवारी ई रिक्शा 1431
ई मोपेड 29
ई मोटर कार 7
ई मोटर साइकिल 6
ई स्कूटर 680
कुल -2154
यह कहते हैं डीलर
पेट्रोल-डीजल के मुकाबले 10 गुना सस्ता है इस्तेमाल
ई बाइक डीलर अमित परिहार का कहना है, उज्जैन में ईवी की डिमांड बढ़ रही है। शहर के लोग जागरूक हो रहे हैं। इन वाहनों के 2 बड़े फायदे हैं, पहला इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल पेट्रोल-डीजन वाहनों की तुलना में तकरीबन 10 गुना सस्ता है। दूसरा ये गाडिय़ां वातारवण को प्रदूषित नहीं करती और इको फ्रेंडली होती हैं।
ये चुनौतियां भी
ई-व्हीकल के चलन में आने में अब कई चुनौतियां हैं। पहला सरकार इसके प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान नहीं दे रही है। दूसरा, सरकार इसके कलपुर्जे खासकर बैटरी पर 28 प्रतिशत जीएसटी को कम नहीं कर रही है। इस कारण ई-व्हीकल और उनके कलपुर्जे महंगे हैं। तीसरा ई-व्हीकल के चार्जिंग स्टेशन को लेकर शहर में तेजी से काम नहीं हो पाया है।
Published on:
19 Nov 2022 11:12 pm