
चेन्नई।फेमिना मिस इंडिया 2018 का खिताब अनुकृति वास के सिर पर सज गया है। नैसर्गिक सुंदरता की मालकिन अनुकृति मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली हैं। मंगलवार रात हुई इस प्रतियोगिता में करीब 29 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया लेकिन इस खिताब को जीतने में अनुकृति कामयाब रही। अनुकृति को ताज पहनाते वक्त मिस वल्र्ड मानुषी छिल्लर के चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी। इस प्रतियोगिता में हरियाणा की मीनाक्षी चौधरी फस्र्ट रनर अप और आंध्र प्रदेश की श्रेया राव सेकंड रनर अप रही। चेन्नई के लोयला कॉलेज में पढऩे वाली 19 वर्षीया अनुकृति का पूरा बचपन राज्य के छोटे शहर तिरुचि में बीता है, जहां लड़कियों पर काफी बंदिशें लगाई जाती हैं।
अपने सपनों के जरिए आसमां छूने की ख्वाहिश रखने वाली अनुकृति वास को रोमांच काफी पसंद हैं।
वे लडक़ों की तरह बाइक चलाती हैं और अगर उनको कभी मौका मिला तो वे हिमाचल प्रदेश में जाकर पैराग्लाइडिंग करना चाहती हैं। मां को अपनी दुनिया मानने वाली अनुकृति बॉलीवुड अभिनेता रणवीरसिंह की दीवानी हैं और सोनम कपूर, कायली कार्दशियन को फैशन आइकॉन मानती हैं। अनुकृति ने हाल ही एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर उनको मौका मिला तो वे 70 के दशक में चलने वाले चश्मों का फैशन फिर से वापस लाना चाहेंगी। एथलीट अनुकृति वास खुद को एक सामान्य लडक़ी बताती हैं। अपनी मम्मी के कहने पर ही वे फ्रेंच साहित्य में बीए कर रही हंै।
लोयला कॉलेज के इतिहास में नया अध्याय
लोयला कॉलेज को इससे नई पहचान मिली है। मिस इंडिया बनकर अनुकृति ने कॉलेज के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। अब तक कॉलेज के छात्र खेलकूद व अन्य क्षेत्र में ही अपनी पहचान बनाते रहे हैं। यह पहली बार है जब यहां की किसी विद्यार्थी ने सौंदर्य प्रतियोगिता में कॉलेज का परचम लहराया है। हम चाहते हैं अनुकृति गरीब और निचले तबके के लोगों के उत्थान के लिए काम करंे। हम युवाओं को ड्रग्स के चंगुल से बाहर करने के लिए एक अभियान चलाएंगे जिसमें अनुकृति की मदद ली जाएगी। अनुकृति कॉलेज के शुरुआती दिनों से ही सांस्कृतिक और सौंदर्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती रही हैं। उनको ओप्पो फ्रेश फेस अवार्ड भी मिला हुआ है। - फादर एंड्रयू, प्रिंसिपल, लोयला कॉलेज
मेरे पास शब्द नहीं थे...
मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद अनुकृति की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खुशी से झूमते हुए मोबाइल पर उसने मुझसे कहा कि मां आई वन द वल्र्ड, आई वन द वल्र्ड। मेरे पास बोलने को शब्द नहीं था। मैं अवाक थी। कैपजेमिनी बिजनेस सर्विसेज में सिने प्रोसेस एसोसिएट के तौर पर काम कर मैंने अकेले अनुकृति की परवरिश की है।
मिस इंडिया अनुकृति की मां एम.सेलिना
आखिरी सवाल : सबसे बड़ा शिक्षक कौन होता है?
अनुकृति : विफलता सबसे अच्छी शिक्षक है क्योंकि लगातार सफलता से आप सोचने लगते हैं कि आप बेस्ट हैं। विफलता प्रेरणा देती है,आत्ममंथन का मौका मिलता है जिससे अच्छा करने का और मेहनत करने का बल मिलता है। विफलता ने ही मुझे आत्मविश्वास दिया, स्वतंत्र बनाया।
सुपर मॉडल बनना चाहती हैं
वे भविष्य में सुपर मॉडल बनना चाहती हैं और समाज के लिए कुछ करने की इच्छा रखती हैं। उन्होंने कहा , मुझे कभी भी दुनिया घूमने और उसे देखने का मौका नहीं मिला, लेकिन अगर मुझे ऐसा मौका मिला तो निश्चित रूप से मुझे आप घर में नहीं देखेंगे क्योंकि मैं एडवेंचर, संगीत, डांस करना और घूमना बहुत पसंद करती हूं। अब वे 2018 में मिस वल्र्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वे प्रदेशस्तर पर खेल प्रतिस्पर्धाओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं।