चेन्नई

राहुल गांधी या विजय? PM के चेहरे पर TVK-कांग्रेस आमने-सामने, मंत्री ने कह दिया- नहीं माने तो दे देंगे इस्तीफा

Tamil Nadu Latest News: तमिलनाडु में 2029 के प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर कांग्रेस और TVK के बीच खींचतान के संकेत मिले हैं। कांग्रेस मंत्री राजेश कुमार ने कहा कि राहुल गांधी के नाम पर सहमति नहीं बनी तो सरकार में शामिल दोनों कांग्रेस मंत्री इस्तीफा दे देंगे।
2 min read
Aug 31, 2026
Tamil Nadu Politics
2029 के PM चेहरे को लेकर राहुल गांधी और विजय के नाम पर बढ़ी तमिलनाडु की सियासी हलचल। (फोटो सोर्स-IANS)

Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु की राजनीति में 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से हलचल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) और कांग्रेस के बीच प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर मतभेद सामने आने लगे हैं। कांग्रेस नेता और राज्य सरकार में मंत्री राजेश कुमार ने TVK को साफ चेतावनी दी है कि अगर पार्टी 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार मानने के लिए तैयार नहीं होती है, तो सरकार में शामिल कांग्रेस के दोनों मंत्री इस्तीफा दे देंगे।

राजेश कुमार ने कन्याकुमारी में एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और कांग्रेस के कार्यकर्ता उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर देख रहे हैं। मंत्री ने बीजेपी और नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा और राहुल गांधी को विपक्ष का बड़ा चेहरा बताया।

आखिर विजय का नाम क्यों सामने आ रहा है?

दरअसल, TVK के कुछ नेताओं की तरफ से पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री जोसेफ विजय को राष्ट्रीय राजनीति में आगे बढ़ाने की बातें कही जा रही हैं। पार्टी के भीतर यह चर्चा भी है कि 2029 के लोकसभा चुनाव में विजय को प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के तौर पर पेश किया जा सकता है।

TVK नेता आधव अर्जुन भी यह कह चुके हैं कि देश के सबसे बड़े पद पर तमिलनाडु के किसी नेता को पहुंचना चाहिए। इसके बाद विजय के नाम को लेकर चर्चा और तेज हो गई। अब कांग्रेस मंत्री के बयान ने इस बहस को और हवा दे दी है।

कांग्रेस मंत्री ने क्या कहा?

राजेश कुमार ने कहा कि अगर TVK राहुल गांधी के नाम पर सहमत नहीं होती है, तो तमिलनाडु सरकार में शामिल कांग्रेस के दोनों मंत्री अपने पद छोड़ देंगे। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी लगातार बीजेपी के खिलाफ लड़ रहे हैं और इसी वजह से उनकी लोकप्रियता बढ़ रही है।

उनके इस बयान को TVK पर दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, TVK की तरफ से इस चेतावनी पर अभी कोई बड़ा जवाब सामने नहीं आया है।

TVK के पास 108 सीटें

2026 के विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतकर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव किया है। सरकार बनाने के लिए उसे कांग्रेस समेत कई दलों का समर्थन मिला है। कांग्रेस के पांच विधायक TVK सरकार के साथ हैं, जबकि कुछ अन्य दलों ने भी बाहर से समर्थन दिया है।

ऐसे में कांग्रेस के दोनों मंत्रियों के इस्तीफे की चेतावनी राजनीतिक तौर पर अहम मानी जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2029 में विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी का नाम आगे आएगा या TVK जोसेफ विजय को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा चेहरा बनाने की कोशिश करेगी। फिलहाल इस मुद्दे ने तमिलनाडु की राजनीति में नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Updated on:
31 Aug 2026 10:39 am
Published on:
31 Aug 2026 10:39 am