चेन्नई

Tamil Nadu: ऑनर किलिंग मामले रोकने को विशेष कानून की मांग

Tamil Nadu के तुत्तुकुड़ी जिले में एक युवती की हत्या के मामले ने राज्य में सनसनी फैला दी, जिसमें परिवार ने अंतरजातीय प्रेम संबंध के चलते हत्या को अंजाम दिया।

2 min read
Jun 12, 2026
TNCC

चेन्नई में ऑनर किलिंग की एक दर्दनाक घटना के बाद तमिलनाडु में इस अपराध के खिलाफ विशेष कानून बनाए जाने की मांग तेज हो गई है। TamilNadu के तुत्तुकुड़ी जिले में एक युवती की हत्या के मामले ने राज्य में सनसनी फैला दी, जिसमें परिवार ने अंतरजातीय प्रेम संबंध के चलते हत्या को अंजाम दिया।

क्या है तुत्तुकुड़ी ऑनर किलिंग मामला?

तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (TNCC) के अध्यक्ष के सेल्वापेरुंथगै ने राज्य सरकार से ऑनर किलिंग के खिलाफ कड़ा कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तुत्तुकुड़ी के कैयथार के पास अभिसेल्वी नामक युवती की उसके भाई और मां ने हत्या कर दी। अभिसेल्वी का एक अन्य समुदाय के युवक से प्रेम संबंध था, जिसे परिवार ने स्वीकार नहीं किया। आरोप है कि परिवार ने हत्या को जहर खाने से आत्महत्या के रूप में दिखाने की कोशिश की और अपराध छुपाने के लिए अंतिम संस्कार भी जल्दबाजी में कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और न्याय की मांग

सेल्वापेरुंथगै ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में मिसाल कायम करने वाली सख्त सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना दोबारा न हो। उनका कहना है कि यह घटना दिखाती है कि जातिवाद आज भी मासूम जानें ले रहा है और समाज को इसका स्थायी समाधान निकालना होगा।

ऑनर किलिंग के खिलाफ विशेष कानून की जरूरत

TNCC अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि ऑनर किलिंग के मामलों की रोकथाम के लिए तत्काल विशेष कानून बनाया जाए। साथ ही, हर जिले में अंतरजातीय विवाह करने वाले जोड़ों की सुरक्षा के लिए समर्पित तंत्र सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जातिगत गर्व कभी भी मानव जीवन से ऊपर नहीं होना चाहिए और समाज को अंतरजातीय प्रेम व विवाह को प्रोत्साहित करना चाहिए। इससे ही ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं का स्थायी समाधान संभव है और एक समतामूलक, जातिविहीन समाज की स्थापना हो सकती है।

तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (TNCC) अध्यक्ष ने तुत्तुकुड़ी ऑनर किलिंग के बाद सरकार से विशेष कानून लाने की अपील की
Published on:
12 Jun 2026 05:10 pm